पौड़ी

पल्स पोलियो अभियान की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने की समीक्षा बैठक

पौड़ी। आगामी 12 अक्टूबर 2025 से शुरू होने जा रहे उप-राष्ट्रीय प्रतिरक्षण अभियान (पल्स पोलियो) की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया की अध्यक्षता में जिला कार्यालय सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि एक सप्ताह तक चलने वाले इस पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग के साथ-साथ सभी रेखीय विभाग समन्वय स्थापित करते हुए पूर्ण सहयोग सुनिश्चित करें। उन्होंने पंचायतीराज विभाग को जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा विद्युत विभाग को पोलियो वाइल्स की सुरक्षा हेतु निर्बाध विद्युत आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि सभी हितधारकों को समय से माइक्रोप्लान उपलब्ध कराया जाए ताकि कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित हो सके। उन्होंने बताया कि 12 अक्टूबर को सभी पोलियो बूथों व अन्य निर्धारित स्थलों पर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी।

उन्होंने सभी विकासखंडों में ब्लॉक टास्कफोर्स बैठक आयोजित कर अभियान की तैयारियों की समीक्षा करने के निर्देश दिए। साथ ही स्वास्थ्य विभाग को यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि निर्माण स्थलों पर कार्यरत मजदूरों के बच्चों तथा कोटद्वार/कालागढ़ क्षेत्र के वन गुज्जर परिवारों के बच्चों को भी पोलियो की खुराक अवश्य पिलाई जाए।

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिवमोहन शुक्ला ने बताया कि इस साप्ताहिक अभियान में 5 वर्ष तक के 66,332 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए 656 पोलियो बूथ और 16 ट्रांजिट बूथ बनाए गए हैं। घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने के लिए 1312 टीमों का गठन किया गया है, जिनमें 1010 आशा कार्यकत्रियां, 1820 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां और 131 सुपरवाइजर शामिल हैं।

बैठक में एसीएमओ डॉ. विनय कुमार त्यागी, सीएमएस श्रीनगर डॉ. विमल गुसाईं, डब्ल्यूएचओ प्रतिनिधि डॉ. अजीत गुप्ता, एसडीओ सिविल व सोयम लक्की शाह, एडीपीआरओ प्रदीप सुंदरियाल सहित अन्य प्रभारी चिकित्साधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *