उत्तराखंडपौड़ी

मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रदेश के सभी जिलों में नमक की गुणवत्ता जांच शुरू

औचक निरीक्षण में नमक के सैंपल जांच हेतु भेजे गए

पौड़ी। प्रदेश में सस्ते गल्ले की दुकानों पर वितरित किए जा रहे नमक की गुणवत्ता पर उठे सवालों के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि उपभोक्ताओं तक उपलब्ध कराया जा रहा खाद्यान्न पूरी तरह सुरक्षित और मानक के अनुरूप हो।

 

मुख्यमंत्री के आदेशों के क्रम में जिलाधिकारी गढ़वाल स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में राजस्व, पूर्ति एवं खाद्य संरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने जनपद की सभी तहसीलों की सरकारी सस्ते गल्ले की दुकानों का औचक निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान दुकानों से नमक के पैकेटों की सैंपलिंग की गई, जिन्हें रुद्रपुर स्थित खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया है। इस मौके पर उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार और राजस्व निरीक्षकों ने अन्य खाद्यान्न सामग्रियों की उपलब्धता व गुणवत्ता का भी परीक्षण किया।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जांच रिपोर्ट आने तक पूर्ण एहतियात बरती जाएगी। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं तक केवल उच्च गुणवत्ता वाला आयोडाइज्ड नमक ही पहुंचाया जाएगा और किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसी दिशा में लगातार निरीक्षण एवं निगरानी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *