पौड़ी

जिला जज ने किया सम्प्रेक्षण गृह किशोर गडोली का निरीक्षण

*बालकों को सकारात्मक सोच और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा अपनाने हेतु किया प्रेरित*

पौड़ी। जिला जज पौड़ी धर्म सिंह ने मासिक निरीक्षण के अंतर्गत शुक्रवार को जिला परिवीक्षा अधिकारी कार्यालय के अधीन संचालित राजकीय सम्प्रेक्षण गृह किशोर, गडोली का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिला जज महोदय ने संस्था में निरुद्ध बालकों से व्यक्तिगत भेंट कर उनकी शिक्षा, स्वास्थ्य, भोजन व्यवस्था, परामर्श सेवाओं एवं पुनर्वास की प्रगति की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने आत्मीय संवाद स्थापित करते हुए बच्चों को अपने भविष्य के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने हेतु प्रेरित किया।

जिला जज ने किचन व्यवस्था, डाइनिंग हॉल, कार्यालय एवं संपूर्ण परिसर का गहन निरीक्षण कर साफ-सफाई, भोजन की गुणवत्ता, सुरक्षा, खेलकूद और शिक्षण संबंधी व्यवस्थाओं का बारीकी से परीक्षण किया। उन्होंने संस्था में संधारित अभिलेखों एवं बच्चों से संबंधित मामलों का अवलोकन कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए।

उन्होंने कहा कि संस्था में सकारात्मक एवं सुधारात्मक वातावरण बनाए रखा जाए और प्रत्येक बालक को परिवार जैसी सुविधा तथा संवेदनशील माहौल मिले, ताकि वे समाज की मुख्यधारा से जुड़कर एक सशक्त भविष्य का निर्माण कर सकें। साथ ही गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, परामर्श, कौशल विकास प्रशिक्षण, खेलकूद एवं पुनर्वास सेवाएँ उपलब्ध कराना प्राथमिकता में रखा जाए।

निरीक्षण के दौरान प्रधान जिला परिवीक्षा अधिकारी अरविंद कुमार, मजिस्ट्रेट किशोर न्याय बोर्ड, अधीक्षिका सम्प्रेक्षण गृह किशोर, किशोर न्याय बोर्ड के सदस्य, बाल कल्याण समिति के सदस्य सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *