उत्तराखंडपौड़ी

आपदा प्रभावित परिवारों को वितरित हुई सीएम राहत राशि

पूर्ण मकान क्षति व मृतकों के परिजनों को मिले 5-5 लाख रुपये

पौड़ी। जनपद पौड़ी गढ़वाल में हाल ही में आई आपदा से प्रभावित परिवारों को मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा घोषित राहत राशि वितरित कर दी गई है। प्रभावित ग्रामीणों और मृतकों के परिजनों ने इस त्वरित निर्णय के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि यह सहायता उनके लिए संकट की घड़ी में बड़ी राहत है।

मुख्यमंत्री ने 26 अगस्त को घोषणा की थी कि धराली और थराली की तर्ज पर पौड़ी में भी आपदा से पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त आवासीय भवनों के स्वामियों तथा मृतकों के परिजनों को ₹5-5 लाख की आर्थिक सहायता दी जाएगी। यह राशि आंशिक रूप से एसडीआरएफ मद से और शेष मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से उपलब्ध कराई गई है।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि राहत राशि शीघ्र और पारदर्शिता के साथ लाभार्थियों तक पहुंचाई जाए। इसी क्रम में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन पर तहसीलदार पौड़ी दीवान सिंह राणा के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम ने प्रभावित क्षेत्रों में जाकर लाभार्थियों को राहत राशि के चेक सौंपे।

गौरतलब है कि भारी वर्षा और भूस्खलन से तहसील पौड़ी के ग्राम सैंजी, बुराँसी, रैदुल, फलद्वाड़ी, क्यार्द, कलूण और मणकोली में कुल 22 आवासीय भवन पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त हुए थे, जबकि इस आपदा में 6 लोगों की मृत्यु हुई थी। इसके बाद 7 अगस्त को मुख्यमंत्री ने स्वयं आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया था और प्रशासन को त्वरित राहत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे।

प्रभावित परिवारों ने राहत राशि मिलने के बाद कहा कि यह सहायता उन्हें नए सिरे से जीवन स्थापित करने में मददगार साबित होगी। उन्होंने मुख्यमंत्री का धन्यवाद करते हुए कहा कि सरकार ने कठिन परिस्थिति में हर स्तर पर सहयोग सुनिश्चित किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *