किसानों तक पहुंचे उन्नत तकनीक और योजनाओं की जानकारी : डीएम
आधुनिक कृषि के लिए प्रशिक्षण, गोष्ठी और मशीन वितरण के निर्देश
पौड़ी। जिला सभागार में शनिवार को जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में आतमा शासी निकाय एवं कृषि विभाग की योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को आधुनिक कृषि पद्धतियों से जोड़ने के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम, कृषक गोष्ठियाँ, फसल प्रदर्शन और एक्सपोज़र विज़िट नियमित रूप से कराई जाएं।

डीएम ने कहा कि महिला किसानों को कृषि कार्य के लिए छोटी-छोटी मशीनें वितरित की जाएं, जिससे उत्पादन क्षमता में बढ़ोतरी हो सके। उन्होंने मुख्य कृषि अधिकारी को विभागीय योजनाओं के अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार पर जोर देते हुए कहा कि जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए वन विभाग और कृषि विश्वविद्यालयों (पंतनगर व भरसार) से तकनीकी सहयोग लिया जाए।
बैठक में पशुपालन विभाग की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने बर्ड फ्लू रोकथाम को लेकर अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि कुक्कुट में कोई भी संदिग्ध लक्षण दिखाई दें तो तुरंत नजदीकी पशु चिकित्साधिकारी को सूचित किया जाए और प्रसार रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। इसके साथ ही उन्होंने जन-जागरुकता अभियान तेज करने और पशुधन प्रसार अधिकारी से साप्ताहिक रिपोर्ट लेने के निर्देश भी दिए।
अपर जिलाधिकारी अनिल सिंह गर्ब्याल ने कहा कि कृषि और पशुपालन विभाग के बीच बेहतर तालमेल से ही योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक पहुँच पाएगा। उन्होंने अधिकारियों से समयबद्ध कार्ययोजना बनाकर उसका पालन सुनिश्चित करने को कहा।
मुख्य कृषि अधिकारी विकेश कुमार यादव ने बैठक में बताया कि राज्य मिलेट मिशन योजना के अंतर्गत जिले के चार विकासखंड—पाबौ, थलीसैंण, बीरोंखाल और पौड़ी का चयन प्रथम चरण में किया गया है। साथ ही अनुसूचित जाति और जनजाति ग्रामों में विशेष कृषि विकास कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा ने बताया कि बर्ड फ्लू संक्रमण की रोकथाम हेतु पुलिस और राजस्व विभाग के सहयोग से जिले की सीमाओं में वाहनों की सघन निगरानी की जा रही है।
बैठक में पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर, लीड बैंक अधिकारी मीनाक्षी शुक्ला, जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
