जिलाधिकारी ने की धान की कटाई, ग्रामीणों संग मंडाई में हुई शामिल
पौड़ी। जिलाधिकारी गढ़वाल डॉ. स्वाति एस. भदौरिया ने तहसील पौड़ी के अंतर्गत ग्राम पंचायत डुंगरी का दौरा कर क्रॉप कटिंग प्रयोग का निरीक्षण किया। इस दौरान राजस्व विभाग की टीम ने कृषक विक्रम सिंह के खेत में 30 वर्ग मीटर का प्लॉट बनाकर सीसीई एग्री ऐप से प्रयोग किया, जिसमें 7 किलो धान की उपज प्राप्त हुई।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्वयं खेत में धान की कटाई की और ग्रामीण महिलाओं के साथ मंडाई में सहभागिता कर उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने खेत का नक्शा, खसरा व रजिस्टर सहित अन्य अभिलेखों की जांच की तथा किसानों से बीज और फसल की स्थिति की जानकारी ली।
जिलाधिकारी ने कहा कि क्रॉप कटिंग प्रयोगों के आधार पर ही जिले की औसत उपज और उत्पादन के आंकड़े तैयार होते हैं। इन्हीं आंकड़ों पर क्षतिपूर्ति और फसल बीमा की राशि निर्धारित की जाती है, जिससे किसानों को सीधा लाभ मिलता है।

गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को अपने बीच पाकर प्रसन्नता व्यक्त की और खेतों में घेरबाड़ की मांग रखी। जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया कि कृषि विभाग को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए हैं। इस मौके पर ग्रामीणों को फसल बीमा योजना की जानकारी भी दी गई।
इस अवसर पर तहसीलदार दीवान सिंह राणा, एलआरओ सी.एम. पांडे, राजस्व उप निरीक्षक ज्योति, सहित अन्य अधिकारी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
