उत्तराखंडऋषिकेश

कांवड़ यात्रा के चलते ऋषिकेश में बिगड़ी यातायात व्यवस्था, यमकेश्वर और द्वारीखाल की ओर जाने वालों को परेशानी

आज से अगले 3/4 दिनों तक देहरादून ऋषिकेश  से द्वारीखाल/यमकेश्वर के लिए यातायात बंद रहने की संभावना

ऋषिकेश। सावन माह में चल रही कांवड़ यात्रा के चलते ऋषिकेश की यातायात व्यवस्था पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गई है। बीते वर्षों की तरह इस बार भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के कारण स्थानीय नागरिकों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आज से आगामी 3 से 4 दिनों तक, देहरादून ऋषिकेश से यमकेश्वर एवं द्वारीखाल ब्लॉक की ओर जाने तथा वहां से ऋषिकेश देहरादून आने वाले यात्रियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है।

23 जुलाई तक कांवड़ यात्रा अपने चरम पर रहेगी, जिससे मार्गों पर अत्यधिक भीड़, जाम, व ट्रैफिक में देरी की संभावना बनी हुई है।

आवश्यक कार्य से आने-जाने वाले लोगों, विशेषकर अस्वस्थ, बुजुर्ग एवं आपात स्थिति वाले यात्रियों के लिए यह स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

देहरादून से द्वारीखाल आने जाने वाले लोग कोटद्वार रूट का प्रयोग कर सकते हैं। हालांकि इस वैकल्पिक मार्ग से सफर थोड़ा लंबा और कुछ हद तक असुविधाजनक हो सकता है, लेकिन इसके माध्यम से यात्री अपने गंतव्य तक सुरक्षित और अपेक्षाकृत सहज रूप से पहुंच सकते हैं। प्रशासन भी लोगों से अपील कर रहा है कि अनावश्यक रूप से भीड़भाड़ वाले मुख्य मार्गों से बचें और आवश्यकतानुसार वैकल्पिक रास्तों का चयन करें।

स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों की मांग है कि कांवड़ यात्रा जैसे भीड़भाड़ वाले आयोजनों के दौरान वैकल्पिक मार्गों की पूर्व तैयारी होनी चाहिए, ताकि श्रद्धालुओं के साथ-साथ आमजन की दिनचर्या भी सुचारु बनी रह सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *