पौड़ी

डेयरी से हर माह 60 हजार कमा रहे गोविंद जोशी

मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना से मिली 10 लाख की सब्सिडी

पौड़ी। पौड़ी गढ़वाल के ग्राम धुंगसरी निवासी 37 वर्षीय गोविंद जोशी डेयरी व्यवसाय से प्रतिमाह करीब 60 हजार रुपये की आय अर्जित कर रहे हैं। वर्ष 2017 में शुरू किया गया उनका यह व्यवसाय आज आजीविका का मजबूत साधन बन गया है। मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत मिली 10 लाख रुपये की सब्सिडी से उन्हें अपने कारोबार को विस्तार देने में मदद मिली।

गोविंद जोशी ने बताया कि पशुपालन में रुचि होने के कारण उन्होंने वर्ष 2017 में डेयरी व्यवसाय शुरू किया। निरंतर मेहनत और अनुभव के साथ उन्होंने कारोबार को आगे बढ़ाया। व्यवसाय के विस्तार के लिए मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना का लाभ लिया, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हुई और आय के अवसर बढ़े।

गोविंद की सफलता ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार की संभावनाओं को उजागर करती है। डेयरी और पशुपालन जैसे व्यवसायों के माध्यम से युवा गांव में रहकर भी अपनी आजीविका मजबूत कर सकते हैं और ग्रामीण अर्थव्यवस्था में योगदान दे सकते हैं।

मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा ने कहा कि डेयरी फार्मिंग ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार का बेहतर माध्यम है। पशुपालक विभागीय योजनाओं का लाभ लेकर अपने व्यवसाय का विस्तार कर सकते हैं। उन्होंने युवाओं से पशुपालन को स्वरोजगार के रूप में अपनाने और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *