पौड़ी

पौड़ी में महिला किसान दिवस पर 82 प्रगतिशील महिला कृषक सम्मानित

पौड़ी। अंतरराष्ट्रीय महिला वर्ष 2026 के अवसर पर गुरुवार को विकासखंड पौड़ी के सभागार में महिला किसान दिवस मनाया गया। कार्यक्रम में पौड़ी, कोट, पाबौ और खिर्सू विकासखंडों की 82 प्रगतिशील महिला कृषकों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिला किसानों को सम्मानित किया गया और कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख पौड़ी अस्मिता नेगी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने महिला किसानों को एकीकृत कृषि प्रणाली अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि कृषि की विभिन्न गतिविधियों को आपस में जोड़कर किसान अपनी आय बढ़ा सकते हैं।

मुख्य कृषि अधिकारी ऋतु कुकरेती जुयाल ने महिला कृषकों का स्वागत करते हुए कहा कि कृषि क्षेत्र में महिलाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। महिलाएं अपनी मेहनत और अनुभव के बल पर परिवार की आजीविका मजबूत करने के साथ ही कृषि उत्पादन बढ़ाने में भी अहम योगदान दे रही हैं। उन्होंने महिला किसानों से विभागीय योजनाओं का लाभ उठाकर खेती-किसानी को और बेहतर बनाने का आह्वान किया।

गोष्ठी में प्रगतिशील महिला कृषक सुषमा देवी, लक्ष्मी देवी, संगीता देवी, माहेश्वरी देवी, चंपा देवी और बीना देवी ने अपने कृषि कार्यों से जुड़े अनुभव साझा किए। उन्होंने खेती में अपनाई जा रही तकनीकों और बेहतर कृषि गतिविधियों की जानकारी अन्य महिला कृषकों को दी।

इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी दृष्टि आनंद, उप परियोजना निदेशक आत्मा रवि कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कृषक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *