पाबौ में पशु चिकित्सा शिविर, 20 ग्रामीणों ने लिया भाग
पशुओं के स्वास्थ्य परीक्षण के साथ टीकाकरण, संतुलित आहार और पशुधन बीमा के प्रति किया जागरूक
पौड़ी। पशुपालन को बढ़ावा देने और पशुपालकों को सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से बुधवार को पाबौ में पशुपालन विभाग की ओर से जन-जागरूकता एवं पशु चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में आयोजित शिविर में 20 ग्रामीणों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान पशुपालकों को विभिन्न विभागीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ पशुओं के स्वास्थ्य परीक्षण और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई गई।

शिविर में पशुपालकों को केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही पशुओं को संतुलित आहार देने, नियमित टीकाकरण कराने, कृमिनाशक दवाओं के उपयोग और संक्रामक रोगों से बचाव के उपाय बताए गए। पशुपालकों को वैज्ञानिक एवं आधुनिक पशुपालन पद्धतियां अपनाने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि पशुधन की उत्पादकता बढ़ाने के साथ उनकी आय में भी वृद्धि हो सके।
शिविर के दौरान पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक उपचार किया गया। जरूरत के अनुसार पशुपालकों को औषधियां भी वितरित की गईं। विभागीय अधिकारियों ने पशुपालकों की समस्याएं सुनकर उन्हें आवश्यक परामर्श दिया। इसके अलावा पशुधन बीमा योजना की जानकारी देते हुए पशुओं का बीमा कराने और योजना का लाभ उठाने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा ने बताया कि पशुओं की नियमित देखभाल, समय पर टीकाकरण और बीमारियों की रोकथाम पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। शिविर का उद्देश्य पशुपालकों को जागरूक कर पशुधन के स्वास्थ्य एवं उत्पादकता में सुधार लाना और पशुपालन को ग्रामीणों की आजीविका का बेहतर साधन बनाना है।

