जनगणना-2027 के लिए फील्ड ट्रेनर्स का प्रशिक्षण शुरू, प्रत्येक व्यक्ति से पूछे जाएंगे 40 सवाल
पौड़ी। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण यानी जनसंख्या गणना की तैयारियों के तहत गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में फील्ड ट्रेनर्स का तीन दिवसीय प्रशिक्षण शुरू हुआ। प्रशिक्षण के बाद फील्ड ट्रेनर्स जिले के पर्यवेक्षकों और प्रगणकों को प्रशिक्षित करेंगे। इसके बाद प्रगणक घर-घर जाकर निर्धारित प्रश्नावली के माध्यम से जनगणना का कार्य करेंगे। इस दौरान प्रत्येक व्यक्ति से 40 सवाल पूछकर आवश्यक जानकारियां जुटाई जाएंगी।

प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर एवं खंड शिक्षाधिकारी एकेश्वर गुंजन अमरोही ने कहा कि जनगणना केवल सरकारी ड्यूटी नहीं, बल्कि राष्ट्रीय महत्व की जिम्मेदारी है। इससे प्राप्त आंकड़े देश और समाज की वास्तविक स्थिति को समझने के साथ ही भविष्य की योजनाओं के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने प्रशिक्षकों को निर्धारित प्रश्नों को सही तरीके से पूछने, निष्पक्षता बनाए रखने और उत्तरदाताओं से प्राप्त जानकारी को नियमानुसार दर्ज करने के निर्देश दिए। साथ ही आपसी समन्वय और धार्मिक एवं सामाजिक विविधता के प्रति संवेदनशील रहने पर जोर दिया।
जनगणना निदेशालय से आए मास्टर ट्रेनर कमल कर्नाटक ने जनगणना की प्रक्रिया और निर्धारित प्रश्नावली के अनुरूप जानकारी संकलित करने के तरीके बताए। उन्होंने कहा कि जनगणना कार्य में निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करना आवश्यक है। प्रगणक प्रत्येक व्यक्ति से प्रश्नावली के अनुसार जानकारी प्राप्त कर उसे सावधानीपूर्वक दर्ज करें, ताकि आंकड़ों में त्रुटियों की संभावना कम हो। उन्होंने क्षेत्र में कार्य के दौरान आने वाली समस्याओं के समाधान के लिए प्रशिक्षण में बताई गई प्रक्रिया का पालन करने पर भी जोर दिया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर राकेश पोखरियाल, जिला प्रभारी जनगणना शिव कुमार एवं वीरेंद्र कुमार, फील्ड ट्रेनर प्रदीप बिष्ट, मेहरबान सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

