देहरादून

अंकिता प्रकरण: कमला पंत ने बाईचुंग भूटिया से मांगा समर्थन

देहरादून। अंकिता न्याय यात्रा संयुक्त संघर्ष मंच एवं उत्तराखंड महिला मंच की कमला पंत ने पूर्व भारतीय फुटबॉलर बाईचुंग भूटिया को पत्र लिखकर अंकिता भंडारी हत्याकांड के कथित वीआईपी प्रकरण को लेकर आवाज उठाने की अपील की है। उन्होंने दुष्यंत गौतम की सिक्किम के राज्यपाल पद पर नियुक्ति का विरोध करते हुए राष्ट्रपति से नियुक्ति पर पुनर्विचार करने की मांग उठाने का आग्रह किया है।

कमला पंत ने पत्र में कहा कि सितंबर 2022 में पौड़ी गढ़वाल में 19 वर्षीय अंकिता भंडारी की हत्या ने पूरे देश को झकझोर दिया था। मामले में कथित वीआईपी की भूमिका को लेकर उठे सवालों और निष्पक्ष जांच की मांग को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि हत्याकांड से जुड़े सभी पहलुओं की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच जरूरी है।

कमला पंत ने कहा कि यह किसी राजनीतिक दल के पक्ष या विपक्ष का मुद्दा नहीं, बल्कि अंकिता को न्याय दिलाने, महिलाओं की गरिमा की रक्षा करने और संवैधानिक पदों की प्रतिष्ठा से जुड़ा सवाल है। उन्होंने न्याय की लड़ाई में देश के न्यायप्रिय नागरिकों और सामाजिक संगठनों से एकजुट होकर आवाज उठाने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *