पौड़ी

नई एसओपी के अनुरूप कार्य करें पैनल अधिवक्ता: नाजिश कलीम

पौड़ी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं सिविल जज नाजिश कलीम की अध्यक्षता में गुरुवार को पैनल अधिवक्ताओं और लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम (एलएडीसीएस) के अधिवक्ताओं की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पैनल अधिवक्ताओं के लिए जारी नई मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के प्रावधानों पर चर्चा करते हुए निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्य करने के निर्देश दिए गए।

प्राधिकरण कार्यालय में आयोजित बैठक में निःशुल्क विधिक सहायता के तहत संचालित मामलों की समीक्षा की गई। सचिव नाजिश कलीम ने कहा कि विधिक सहायता से जुड़े मामलों में समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। अधिवक्ता विधिक सहायता प्राप्त कर रहे लाभार्थियों के साथ नियमित संपर्क बनाए रखें, ताकि उन्हें अपने प्रकरण की प्रगति की जानकारी मिलती रहे। उन्होंने प्रकरणों से संबंधित अभिलेखों को व्यवस्थित रखने और कार्य निष्पादन का पूरा विवरण संधारित करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में लंबित प्रकरणों की स्थिति, लाभार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही विधिक सेवाओं तथा समाज के जरूरतमंद और वंचित वर्गों तक निःशुल्क विधिक सहायता पहुंचाने के प्रयासों की समीक्षा की गई। सचिव ने अधिवक्ताओं को नई एसओपी का गंभीरता से अनुपालन करते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन निष्ठा, पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ करने को कहा।

उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद लोगों को न्याय तक पहुंच उपलब्ध कराना विधिक सेवा प्राधिकरण की प्राथमिकता है। इसके लिए प्रत्येक पात्र व्यक्ति को प्रभावी, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध विधिक सहायता उपलब्ध कराना आवश्यक है। उन्होंने सभी अधिवक्ताओं से आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *