पौड़ी

एटीआई के प्रशिक्षण में अधिकारियों को सिखाए आपदा प्रबंधन के गुर

पौड़ी। डॉ. रघुनंदन सिंह टोलिया उत्तराखंड प्रशासन अकादमी (एटीआई), नैनीताल के तत्वावधान में विकास भवन सभागार पौड़ी में आयोजित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का गुरुवार को समापन हो गया। अंतिम दिन अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आपदा प्रबंधन, राहत एवं बचाव कार्यों और आपातकालीन परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने का प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान आपदा प्रबंधन में इस्तेमाल होने वाले विभिन्न उपकरणों के व्यावहारिक उपयोग का प्रदर्शन भी किया गया।

प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि प्राकृतिक आपदाओं को रोका नहीं जा सकता, लेकिन पूर्व तैयारी, जागरूकता, नियमित अभ्यास और समयबद्ध कार्रवाई से इनके प्रभाव और संभावित नुकसान को कम किया जा सकता है। आपदा के समय त्वरित निर्णय लेने, उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग करने और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया गया।

उत्तराखंड प्रशासन अकादमी, नैनीताल के अपर कार्यक्रम निदेशक अनूप बमोला ने कहा कि आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए अधिकारियों एवं कर्मचारियों का प्रशिक्षित और जागरूक होना आवश्यक है। उन्होंने जोखिमों की पहचान, पूर्व तैयारी, जन-जागरूकता और समयबद्ध कार्रवाई को आपदा प्रबंधन का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया। साथ ही प्रशिक्षण में मिली जानकारी को व्यवहार में लाने और विभागीय समन्वय मजबूत करने पर जोर दिया।

मास्टर ट्रेनर किशन सिंह पंवार ने आपदा के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों, सुरक्षित बचाव के तरीकों और राहत एवं बचाव कार्यों में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों की जानकारी दी। उन्होंने उपकरणों के संचालन का व्यावहारिक प्रदर्शन करते हुए उनके सही उपयोग के तरीके समझाए। उन्होंने कहा कि आपातकालीन परिस्थितियों में प्रभावी कार्रवाई के लिए सैद्धांतिक जानकारी के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण और नियमित अभ्यास भी जरूरी है।

तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की प्रशासनिक कार्यक्षमता बढ़ाने और आपातकालीन परिस्थितियों में बेहतर ढंग से कार्य करने की क्षमता विकसित करने पर जोर दिया गया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *