कुक्कुट पालन से हर माह 70 हजार कमा रहे दीवान सिंह
थलीसैंण के युवा की इकाई के विस्तार को 1.40 करोड़ रुपये स्वीकृत
पौड़ी। जनपद पौड़ी गढ़वाल के विकासखंड थलीसैंण के ग्राम बंगाली निवासी 31 वर्षीय दीवान सिंह कुक्कुट पालन के माध्यम से आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश कर रहे हैं। वर्ष 2020 से इस व्यवसाय से जुड़े दीवान सिंह वर्तमान में प्रतिमाह करीब 70 हजार रुपये की आय अर्जित कर रहे हैं। अब उनकी कुक्कुट पालन इकाई के विस्तार के लिए शासन ने 1.40 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पशुपालन मंत्री सौरभ बहुगुणा के मार्गदर्शन में प्रदेश में पशुपालन आधारित स्वरोजगार को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसी क्रम में उत्तराखंड पशुपालन विभाग की कुक्कुट पालन योजना के तहत दीवान सिंह की 5 हजार पैरेंट स्टॉक क्षमता वाली इकाई स्थापित करने के लिए धनराशि स्वीकृत की गई है। इससे उन्हें अपने व्यवसाय को बड़े स्तर पर विकसित करने का अवसर मिलेगा।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. विशाल शर्मा ने बताया कि विभाग की ओर से पशुपालकों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी देकर स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। पशुपालन और कुक्कुट पालन ग्रामीण क्षेत्रों में आय बढ़ाने तथा रोजगार के नए अवसर सृजित करने के महत्वपूर्ण माध्यम हैं। विभाग का प्रयास है कि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाकर उनकी आजीविका को मजबूत किया जाए।
दीवान सिंह की सफलता ग्रामीण युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। यह दर्शाती है कि सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर युवा अपने गांव में ही स्वरोजगार स्थापित कर आर्थिक आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ सकते हैं। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ सकते हैं।

