पौड़ी

पौड़ी में उद्यमियों और कारीगरों का पुरस्कारों के लिए चयन

पौड़ी। जनपद पौड़ी गढ़वाल में लघु उद्यम, हथकरघा एवं हस्तशिल्प के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले उद्यमियों और कारीगरों को प्रोत्साहित करने के लिए पुरस्कारों का चयन किया गया। मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने उत्पादों की गुणवत्ता, नवाचार, उपयोगिता और विशिष्टता के आधार पर विभिन्न श्रेणियों में प्रतिभागियों का मूल्यांकन कर विजेताओं का चयन किया।

हथकरघा श्रेणी में अनीता देवी को शॉल एवं स्टॉल उत्पादों के लिए प्रथम और सूमा देवी को द्वितीय स्थान के लिए चुना गया। हस्तशिल्प श्रेणी में बांस एवं रिंगाल से निर्मित उत्पादों के लिए पवन को प्रथम तथा वॉल हैंगिंग और मिरर फ्रेम के लिए भारती नेगी को द्वितीय स्थान मिला।

वहीं, लघु उद्यम श्रेणी में सिगड्डी, कोटद्वार स्थित जीवन ऑर्गेनिक्स को केश सुंदरा हेयर ऑयल और महाबल बाम सहित अन्य उत्पादों के लिए प्रथम स्थान दिया गया। सिगड्डी स्थित मैसर्स रियल लैब बायोटेक प्राइवेट लिमिटेड को फार्मा उत्पादों के निर्माण के लिए द्वितीय स्थान हेतु चयनित किया गया।

मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने चयनित उद्यमियों और कारीगरों को बधाई देते हुए उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों की गुणवत्ता, नवाचार और विशिष्टता को बढ़ावा देने से स्वरोजगार के अवसर बढ़ते हैं और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है। उन्होंने चयनित प्रतिभागियों को अपने उत्पादों को और बेहतर बनाने तथा उनके माध्यम से जनपद का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर परियोजना निदेशक, डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, जिला विकास अधिकारी रमेश चंद, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र सोमनाथ गर्ग, प्रबंधक आरपी आर्य, उपासना सिंह और सहायक प्रबंधक अंकित सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *