औद्योगिक समस्याओं के समाधान पर जोर, लंबित प्रस्ताव जल्द निपटाने के निर्देश
पौड़ी। जनपद में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा देने और उद्यमियों की समस्याओं के समाधान के लिए मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी की अध्यक्षता में जिला उद्योग मित्र समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीताबपुर और सिगड्डी औद्योगिक क्षेत्रों की समस्याओं, निवेश प्रस्तावों, औद्योगिक प्रोत्साहन और स्वरोजगार योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

बैठक में कोटद्वार के सिताबपुर औद्योगिक क्षेत्र में रिक्त भूखंडों के आवंटन, नई औद्योगिक इकाइयों की स्थापना और मशरूम उत्पादन, फर्नीचर, स्टील अलमारी निर्माण सहित विभिन्न गतिविधियों से जुड़े प्रस्तावों पर चर्चा हुई। औद्योगिक क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था सुधारने, नालियों की मरम्मत और शौचालय निर्माण के कार्यों की भी समीक्षा की गई। सीडीओ ने जल निकासी से संबंधित कार्य शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए, जबकि शौचालय निर्माण के आगणन को स्वीकृति प्रदान की गई।
सिगड्डी औद्योगिक क्षेत्र में सड़क मरम्मत, प्रवेश द्वार और नाम-पट्टिका सुधारने के कार्यों को जल्द शुरू करने की जानकारी दी गई। नदी के समीप भूमि संरक्षण के लिए वन विभाग से समन्वय कर आवश्यक अनापत्ति प्रमाणपत्र प्राप्त करने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा कचरा संग्रहण, नाली निर्माण और सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने पर जोर दिया गया।
बैठक में एकल खिड़की व्यवस्था के तहत लंबित निवेश प्रस्तावों और विभागीय अनुमतियों की समीक्षा की गई। खनन, बायोमास ब्रिकेट, लकड़ी के पैनल, पर्यावरणीय उत्पाद, जल शोधन, फार्मास्यूटिकल और सौर ऊर्जा सहित विभिन्न क्षेत्रों के प्रस्तावों पर चर्चा करते हुए सीडीओ ने संबंधित विभागों को लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए।
निर्यात को बढ़ावा देने के लिए कार्ययोजना तैयार करने, उद्यमियों को मार्गदर्शन देने और खरीदार-विक्रेता बैठक आयोजित करने पर भी चर्चा हुई। इसके साथ ही स्वयं सहायता समूहों और किसान उत्पादक संगठनों को जोड़ने तथा निर्यात उत्पादों की सूची तैयार करने की योजना पर विचार किया गया।
सीडीओ ने मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, होमस्टे, कृषि, पशुपालन, खाद्य प्रसंस्करण, सौर ऊर्जा और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने, कौशल विकास एवं करियर मार्गदर्शन उपलब्ध कराने और बैंक ऋण से संबंधित आवेदनों का निस्तारण करने के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया।
बैठक में वर्चुअल माध्यम से अपर निदेशक मृत्युंजय सिंह सहित महाप्रबंधक उद्योग सोमनाथ गर्ग, प्रबंधक आरपी आर्य, उपासना सिंह, जिला उद्यान अधिकारी मनोरंजन भंडारी, परियोजना अधिकारी उरेडा चंद्र प्रकाश उपाध्याय तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

