पौड़ी

पाबौ में 16.18 करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास-लोकार्पण, सात किमी सड़क का होगा निर्माण

कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत ने नौठा-बुरांसी-कुल्याणी मोटर मार्ग की रखी आधारशिला, शिक्षा और धार्मिक स्थलों के विकास को भी मिली गति

पौड़ी। पाबौ क्षेत्र में सड़क, शिक्षा और धार्मिक स्थलों के विकास को गति देने के लिए 16 करोड़ 18 लाख 10 हजार रुपये की विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया गया। कैबिनेट मंत्री एवं श्रीनगर विधायक डॉ. धन सिंह रावत ने अपने तीन दिवसीय क्षेत्र भ्रमण के अंतिम दिन सैंजी, बुरांसी, जगतेश्वर और नौठा क्षेत्र में इन विकास योजनाओं की शुरुआत की। इनमें करीब सात किलोमीटर लंबे नौठा-बुरांसी-कुल्याणी मोटर मार्ग का निर्माण प्रमुख है, जिस पर 9.36 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जाएंगे।

कैबिनेट मंत्री ने राजकीय इंटर कॉलेज जगतेश्वर में 23.80 लाख रुपये की लागत से बनने वाले अतिरिक्त कक्ष का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होने से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा। इस दौरान बुरांसी मुख्य मार्ग से राजकीय इंटर कॉलेज जगतेश्वर तक 8.21 लाख रुपये की लागत से निर्मित इंटरलॉकिंग टाइल्स कार्य का लोकार्पण भी किया गया। विद्यालय पहुंचने पर छात्र-छात्राओं ने मंत्री का स्वागत किया और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।

सात किमी सड़क से बेहतर होगी आवाजाही

नौठा-बुरांसी-कुल्याणी मोटर मार्ग के निर्माण के लिए विधिवत भूमि पूजन कर शिलान्यास किया गया। करीब सात किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर 9 करोड़ 36 लाख 96 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा सैंजी-कुरगड़खाल से ग्वालखड़ा मोटर मार्ग के निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया गया। इस सड़क पर 96 लाख 13 हजार रुपये खर्च होंगे।

डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि सड़कें ग्रामीण विकास की आधारशिला हैं। बेहतर सड़क संपर्क से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और दैनिक जरूरतों के साथ स्थानीय गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है।

पौराणिक मंदिरों का होगा विकास

क्षेत्र की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के उद्देश्य से बुरांसी गांव स्थित पातुल्या पौराणिक मंदिर के स्थल विकास कार्य का शिलान्यास किया गया। इसके साथ ही तीन लाख रुपये की लागत से प्राचीन बिंदेश्वर मंदिर के स्थल विकास कार्य की शुरुआत की गई।

कैबिनेट मंत्री ने कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों का संरक्षण स्थानीय विरासत को सहेजने के साथ धार्मिक पर्यटन की संभावनाओं को बढ़ाने में भी सहायक होगा। क्षेत्र में सैंजी-चौलूसैंण, राजकीय इंटर कॉलेज तथा चपलौड़ी-फलदाड़ी सड़क से संबंधित इंटरलॉकिंग टाइल्स और सड़क सुधारीकरण के कार्य भी प्रस्तावित विकास गतिविधियों में शामिल हैं।

महिला मंगल दलों को वितरित की सामग्री

क्षेत्र भ्रमण के दौरान कैबिनेट मंत्री ने फलद्वाड़ी, सैंजी, बुरांसी, बड़ैथ और पैलार के महिला मंगल दलों को सांस्कृतिक गतिविधियों के संचालन के लिए सामग्री वितरित की। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने में महिला मंगल दलों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया और उन्हें प्रोत्साहित करने पर जोर दिया।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख पाबौ लता रावत, पूर्व ब्लॉक प्रमुख रजनी रावत, विमल सिंह नेगी, विनोद नेगी, नरेंद्र भंडारी, गुलाब सिंह बिष्ट सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *