पौड़ी

गवाणा बाजार में सेवा संकल्प शिविर, 45 पात्र लोगों को मिला योजनाओं का लाभ

जयहरीखाल में आयोजित शिविर में 320 ग्रामीणों को दी गई योजनाओं की जानकारी, 22 प्रमाणपत्र भी बनाए गए

पौड़ी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल पर संचालित सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को विकासखंड जयहरीखाल के गवाणा बाजार में सेवा संकल्प शिविर आयोजित किया गया। शिविर में ग्रामीणों की समस्याएं सुनने के साथ ही उन्हें विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। इस दौरान प्राप्त सभी 78 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि 45 पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया।

शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने ग्रामीणों को विभागीय योजनाओं, पात्रता और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी। इसके साथ ही ग्रामीणों को सरकारी सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराने और उनकी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान करने पर जोर दिया गया। शिविर में 320 लोगों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई तथा 22 प्रमाणपत्र भी बनाए गए।

ब्लॉक प्रमुख रणबीर सजवाण ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाना और आमजन की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान करना है। ऐसे शिविरों से ग्रामीणों को विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी मिलने के साथ सरकारी सेवाओं का लाभ लेने में आसानी होती है। उन्होंने अधिकारियों से पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ने और जनसमस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने की अपेक्षा की।

खंड विकास अधिकारी रवि सैनी ने कहा कि शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य पूनम नेगी, ग्राम प्रधान गवाणा नीलम देवी, तहसीलदार सतपुली जाहिद हुसैन, बाल विकास परियोजना अधिकारी महबूब खान, प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. सारंग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *