पौड़ी

आंगनबाड़ी केंद्रों में हुआ आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम, बच्चों और महिलाओं को मिली योजनाओं की जानकारी

पोषण, स्वास्थ्य एवं महिला-बाल विकास योजनाओं के प्रति किया जागरूक, लाभार्थियों को वितरित की गईं किट

पौड़ी। सेवा संकल्प अभियान के शुभारंभ अवसर पर शुक्रवार को जनपद पौड़ी गढ़वाल के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, अभिभावकों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं, किशोरियों तथा स्थानीय लोगों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं और सेवाओं की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में पात्र लाभार्थियों को विभिन्न प्रकार की किट वितरित की गईं। अतिकुपोषित बच्चों को पोषण पोटली तथा छोटे बच्चों की माताओं को महालक्ष्मी किट प्रदान की गई। इसके अलावा बच्चों के लिए विभिन्न गतिविधियां और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की गईं। नौनिहालों की प्रस्तुतियों से आंगनबाड़ी केंद्रों में उत्साहपूर्ण माहौल बना रहा।

जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल ने बताया कि आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का उद्देश्य अभिभावकों और लाभार्थियों को महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं, पोषण सेवाओं तथा बच्चों के स्वास्थ्य एवं समग्र विकास से जुड़ी जानकारी उपलब्ध कराना है। कार्यक्रमों का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस दौरान बच्चों और महिलाओं के पोषण एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।

कार्यक्रमों में स्वास्थ्य विभाग की आशा कार्यकर्ताओं और एएनएम ने भी सहभागिता की। महिलाओं एवं किशोरियों की स्वास्थ्य जांच के साथ व्यक्तिगत स्वच्छता, पोषण, स्वास्थ्य देखभाल और संतुलित आहार को लेकर आवश्यक जानकारी दी गई। वहीं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने बच्चों के पोषण, प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल और केंद्रों के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं के बारे में अभिभावकों को जागरूक किया।

जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों का उद्देश्य महिला एवं बाल विकास से जुड़ी सेवाओं को समुदाय के अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के साथ ही बच्चों, महिलाओं और अभिभावकों की योजनाओं में सहभागिता बढ़ाना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *