पौड़ी

जनता दर्शन में डीएम ने सुनीं 29 शिकायतें, दो अधिकारियों का वेतन रोकने के निर्देश

पौड़ी। जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया की अध्यक्षता में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में 29 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण किया गया। जिलाधिकारी ने लंबित शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश देते हुए कार्यक्रम से अनुपस्थित दो अधिकारियों का वेतन रोकने के आदेश दिए।

जनता दर्शन में ग्राम रैदुल में जल जीवन मिशन के तहत निजी भूमि पर टैंक निर्माण के बावजूद मुआवजा न मिलने और गौशाला में आपदा से हुए भूस्खलन का मुआवजा लंबित होने की शिकायत पर जिलाधिकारी ने तत्काल स्थलीय निरीक्षण कर निस्तारण के निर्देश दिए।

अपर चोपड़ा निवासी केदार सिंह गुसाईं ने बीमार गाय के उपचार की समस्या उठाई। इस पर जिलाधिकारी ने पशु चिकित्सा विभाग को तत्काल चिकित्सक भेजकर उपचार कराने के साथ मांग के अनुसार चारा और उच्च गुणवत्ता का सीमन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मामले में संयुक्त मजिस्ट्रेट को तहसीलदार के माध्यम से स्थलीय जांच कराने को भी कहा गया।

कल्जीखाल बाजार में आवारा पशुओं और सड़क पर मलबा आने की शिकायत पर लोक निर्माण विभाग को निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा ग्राम निधियों, वन भूमि हस्तांतरण, छात्रवृत्ति, क्षतिग्रस्त पुश्तों, सोलर लाइट, पेयजल आपूर्ति, वाल्वमैन के मानदेय और किसान सम्मान निधि से जुड़े मामलों पर भी त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

कई पुरानी शिकायतों का भी हुआ निस्तारण

जनता दर्शन और जनता मिलन कार्यक्रमों में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा के दौरान ग्राम पंचायत कोटी, विकासखंड खिर्सू की प्रधान करिश्मा देवी की पेयजल समस्या का समाधान होने की जानकारी दी गई। जल संस्थान ने पेयजल योजनाओं की मरम्मत कर प्रभावित गांवों में आपूर्ति सुचारू कर दी है।

कण्डोलिया थीम पार्क में वर्षा जल निकासी की समस्या का भी समाधान किया गया है। लोक निर्माण विभाग ने राजकीय इंटर कॉलेज दोमटखाल के मार्ग पर क्षतिग्रस्त स्कपरों की मरम्मत और निर्माण के साथ मलबा हटाकर यातायात सुचारू कर दिया है। मार्ग के डामरीकरण और पक्कीकरण के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है।

वहीं, ग्राम सिरसू, दुगड्डा निवासी त्रिलोक सिंह की प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि से संबंधित शिकायत पर कृषि विभाग ने संपर्क कर ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी कराई।

अनुपस्थित अधिकारियों पर कार्रवाई

जनता दर्शन कार्यक्रम में अधिशासी अभियंता, पीएमजीएसवाई और जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी के अनुपस्थित रहने पर जिलाधिकारी ने दोनों का वेतन रोकने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के समाधान में लापरवाही न बरती जाए और प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, सीओ तपेश कुमार चंद, सीएमओ डॉ. मेघना असवाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *