थलीसैंण में ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान का शुभारंभ
दीप प्रज्ज्वलित कर लिया स्वच्छता एवं जनभागीदारी का संकल्प, नगरवासियों को दिलाई स्वच्छता की शपथ
थलीसैंण/पौड़ी। नगर पंचायत थलीसैंण में शुक्रवार को ‘स्वच्छता ही सेवा-2026’ अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में दीप प्रज्ज्वलित कर स्वच्छता एवं जनभागीदारी का संकल्प लिया गया। इस दौरान नगरवासियों को ‘स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ थलीसैंण’ का संदेश देते हुए स्वच्छता की शपथ दिलाई गई।

उपजिलाधिकारी कृष्णा त्रिपाठी ने उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाते हुए कहा कि स्वच्छता किसी एक अभियान तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वच्छ, स्वस्थ एवं सुंदर समाज के निर्माण के लिए प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने घरों के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने के लिए लोगों को जागरूक किया।
उन्होंने कहा कि अभियान के तहत नगरवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ ही विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से स्वच्छता को जनआंदोलन का रूप देने का प्रयास किया जाएगा।
नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी दीपक प्रताप ने नगरवासियों से स्वच्छता को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया। उन्होंने लोगों से कूड़ा-कचरा इधर-उधर न फेंकने, कचरे का उचित निस्तारण करने और नगर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की।
कार्यक्रम में नगर पंचायत सभासद दलीप सिंह एवं विक्रम रावत सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे।
