पौड़ी

गंगा संरक्षण और स्वच्छता कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

जिला गंगा समिति की बैठक में नाला टैपिंग, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और लंबित कार्यों की हुई समीक्षा

पौड़ी। जिला गंगा समिति की मासिक बैठक शुक्रवार को विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में गंगा संरक्षण, स्वच्छता, नाला टैपिंग और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन से जुड़े कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। सीडीओ ने संबंधित विभागों को लंबित कार्यों में तेजी लाने और आवश्यक प्रक्रियाएं समयबद्ध ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए।

बैठक में नगर पालिका परिषद पौड़ी से संबंधित कार्यों की समीक्षा करते हुए लेगेसी वेस्ट के लिए चिन्हित भूमि के सौंदर्यीकरण की कार्रवाई में तेजी लाने को कहा गया। साथ ही ठोस अपशिष्ट प्रबंधन परियोजना के लिए भूमि चयन समेत अन्य आवश्यक औपचारिकताएं जल्द पूरी करने के निर्देश दिए गए।

नगर पंचायत थलीसैंण में नाला टैपिंग कार्य की समीक्षा के दौरान सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को डीपीआर तैयार कर जिला गंगा समिति के समक्ष प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने नाला टैपिंग से जुड़े तकनीकी और प्रशासनिक कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।

वहीं नगर पालिका परिषद दुगड्डा में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्लांट की स्थापना के लिए चयनित भूमि से संबंधित कार्रवाई की भी समीक्षा हुई। सीडीओ ने भूमि संबंधी आवश्यक प्रक्रियाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने और इसकी विस्तृत आख्या उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला गंगा प्लान के तहत जनपद में संचालित कार्यों और प्रमुख मुद्दों पर अब तक हुई कार्रवाई की समीक्षा की गई। सीडीओ ने सभी विभागों को अपने-अपने विभाग से संबंधित सूचनाओं और आख्या का पुनः परीक्षण कर अद्यतन जानकारी उपलब्ध कराने को कहा, ताकि योजनाओं की प्रगति का प्रभावी अनुश्रवण किया जा सके।

इसके अलावा राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) में विचाराधीन प्रकरणों की भी समीक्षा की गई। संबंधित विभागों को आवश्यक सूचनाएं एवं अद्यतन आख्या निर्धारित समयसीमा में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि गंगा संरक्षण और स्वच्छता से जुड़े कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को बैठक में दिए गए निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करते हुए लंबित कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने को कहा।

बैठक में उप प्रभागीय वनाधिकारी गढ़वाल वन प्रभाग आयशा बिष्ट, जिला खनन अधिकारी अनिल मुयाल, सहायक पंचायत राज अधिकारी प्रदीप सुंदरियाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। अन्य अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *