पौड़ी

स्वच्छता के नारों से गूंजा पौड़ी शहर, रेडक्रॉस और पैरामेडिकल संस्थान ने निकाली जागरूकता रैली

पौड़ी। स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से भारतीय रेडक्रॉस सोसाइटी पौड़ी और पराज इंस्टीट्यूट ऑफ पैरामेडिकल साइंस के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को शहर में जागरूकता रैली निकाली गई। थानाध्यक्ष जयपाल नेगी ने हरी झंडी दिखाकर रैली का शुभारंभ किया।

रैली में शामिल छात्र-छात्राओं और रेडक्रॉस सदस्यों ने स्वच्छता संबंधी नारों के माध्यम से लोगों को घर, मोहल्ले और आसपास के क्षेत्रों को साफ-सुथरा रखने के लिए प्रेरित किया। ‘हम सबका एक ही नारा, स्वच्छ रहे देश हमारा’ जैसे नारों से शहर स्वच्छता के संदेश से गूंज उठा।

इस अवसर पर थानाध्यक्ष जयपाल नेगी ने स्वच्छता को सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए नागरिकों से स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। वहीं, रेडक्रॉस सोसाइटी के जिला सचिव केशर सिंह असवाल ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। दैनिक जीवन में स्वच्छता की आदत अपनाकर बीमारियों से बचाव के साथ स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर समाज का निर्माण किया जा सकता है।

रैली में रेडक्रॉस सोसाइटी के सदस्य मदन मोहन नौडियाल, जसपाल सिंह रावत, दलबीर सिंह बिष्ट, राज्य प्रतिनिधि प्रदीप रावत और दीपक खनसूली सहित अन्य सदस्य तथा पराज इंस्टीट्यूट के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *