पौड़ी

एचएनबी गढ़वाल विश्वविद्यालय के शोधार्थी अंशुल गैरोला को मिला युवा वैज्ञानिक पुरस्कार

21वें उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी सम्मेलन में पोस्टर प्रस्तुति के लिए हुए सम्मानित, विश्वविद्यालय परिवार में खुशी की लहर

श्रीनगर/ पौड़ी गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के रसायन विज्ञान विभाग के पीएचडी शोधार्थी अंशुल गैरोला ने अपनी प्रतिभा से उत्तराखंड का मान बढ़ाया है। उन्हें उत्तराखंड विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकॉस्ट) के तत्वावधान में आयोजित 21वें उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी सम्मेलन (यूएसएसटीसी-2026) में प्रतिष्ठित युवा वैज्ञानिक पुरस्कार से सम्मानित किया गया।

सम्मेलन में अंशुल गैरोला ने जैव प्रौद्योगिकी, जैव रसायन एवं सूक्ष्मजीव विज्ञान विषयक सत्र में अपने शोध कार्य की पोस्टर प्रस्तुति दी। उनकी प्रस्तुति, शोध विषय की प्रासंगिकता और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को देखते हुए उन्हें इस पुरस्कार के लिए चुना गया।

अंशुल की इस उपलब्धि को उनके शोध करियर की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। यह उपलब्धि रसायन विज्ञान विभाग में हो रहे शोध कार्यों और विभिन्न वैज्ञानिक विषयों के बीच समन्वय को भी रेखांकित करती है।

उनकी सफलता से विश्वविद्यालय के शिक्षकों, शोध निर्देशकों और साथी शोधार्थियों में खुशी का माहौल है। विश्वविद्यालय परिवार ने अंशुल गैरोला को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और आगामी शोध कार्यों के लिए शुभकामनाएं दीं। उनकी इस उपलब्धि से अन्य युवा शोधार्थियों को भी विज्ञान एवं नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *