आकाशवाणी देहरादून के एफएम 100.5 मेगाहर्ट्ज पर प्रसारित होगी योगनगरी ऋषिकेश और पर्यटन व्यवसाय पर विशेष भेंटवार्ता
देहरादून। आकाशवाणी देहरादून के एफएम 100.5 मेगाहर्ट्ज पर मंगलवार, 3 नवंबर 2026 को शाम 6 बजे पर्वतीय अंचलों के कार्यक्रम ‘ग्राम जगत’ में विशेष भेंटवार्ता का प्रसारण किया जाएगा।

इस भेंटवार्ता में योगनगरी ऋषिकेश, योग और पर्यटन व्यवसाय की संभावनाओं पर चर्चा होगी। योग एवं पर्यटन विशेषज्ञ धनीराम बिंजोला से विनय ध्यानी ने बातचीत की है।
धनीराम बिंजोला पिछले कई वर्षों से योग प्रशिक्षक एवं टूरिस्ट गाइड के रूप में कार्य कर रहे हैं। योग एवं पर्यटन के क्षेत्र में डिग्रीधारक होने के साथ उन्हें इस क्षेत्र का व्यापक व्यावहारिक अनुभव भी है। उन्होंने अब तक कई योग प्रशिक्षकों और टूरिस्ट गाइडों को प्रशिक्षित कर तैयार किया है, जिनके माध्यम से अनेक लोगों की आजीविका चल रही है।
उनका प्रयास योग एवं पर्यटन को ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जोड़ना है। पर्वतीय ग्रामीण अंचलों में होमस्टे संचालित कर रहे युवाओं तक पर्यटकों को पहुंचाने में भी वे सहयोग करते हैं, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर मिल सकें।
धनीराम बिंजोला का उद्देश्य योग एवं पर्यटन के माध्यम से उत्तराखंड के गांवों में हर घर तक रोजगार पहुंचाना है। इसी सोच और अनुभव को लेकर यह विशेष बातचीत श्रोताओं के लिए प्रसारित की जाएगी।
कार्यक्रम का प्रसारण मंगलवार, 3 नवंबर को शाम 6 बजे आकाशवाणी देहरादून के एफएम 100.5 मेगाहर्ट्ज पर सुना जा सकेगा।

