पाबौ बाजार में मेडिकल स्टोर और खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण, छह खाद्य नमूने जांच के लिए लिए
एक प्रतिष्ठान को एक्सपायरी खाद्य पदार्थों के संबंध में नोटिस जारी, दवाओं की गुणवत्ता और जेनेरिक औषधियों की उपलब्धता भी परखी
पौड़ी। आमजन को सुरक्षित दवाएं और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सोमवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की टीम ने पाबौ बाजार में मेडिकल स्टोर और खाद्य प्रतिष्ठानों का संयुक्त औचक निरीक्षण किया। इस दौरान चार खाद्य प्रतिष्ठानों से रसगुल्ला, सोनपापड़ी, नमकीन, रसमलाई, नमकपारे सहित छह खाद्य नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए। वहीं, एक प्रतिष्ठान को एक्सपायरी खाद्य पदार्थों के संबंध में नोटिस जारी किया गया।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं सिविल जज (सीनियर डिवीजन) नाज़िश कलीम के नेतृत्व में यह कार्रवाई ‘सुरक्षित दवा, सुरक्षित जीवन’ और ‘जेनेरिक ड्रग्स–इफेक्टिव, इकोनॉमिकल एंड एसेंशियल’ अभियान के तहत की गई।
निरीक्षण के दौरान मेडिकल स्टोर में दवाओं की एक्सपायरी तिथि, भंडारण व्यवस्था, लाइसेंस और आवश्यक अभिलेखों की जांच की गई। साथ ही जेनेरिक दवाओं की उपलब्धता भी परखी गई। मेडिकल स्टोर संचालकों को एक्सपायरी एवं अमानक दवाओं की बिक्री नहीं करने तथा उपभोक्ताओं को जेनेरिक दवाओं के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए गए।
वहीं, खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने बाजार के चार खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर छह खाद्य नमूने एकत्र किए। जांच के दौरान एक प्रतिष्ठान में एक्सपायरी खाद्य पदार्थ पाए जाने के संबंध में नोटिस जारी किया गया। संबंधित संचालक को आवश्यक सुधार करने और खाद्य सुरक्षा अधिनियम के प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य एवं औषधि सुरक्षा से जुड़े मानकों का पालन करने की हिदायत दी। साथ ही स्पष्ट किया कि एक्सपायरी एवं अमानक दवाओं और असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। आमजन के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए इस तरह के संयुक्त निरीक्षण आगे भी जारी रहेंगे।
संयुक्त निरीक्षण में एसीएमओ डॉ. गौरव बौठियाल, औषधि निरीक्षक डॉ. सीमा बिष्ट चौहान, खाद्य सुरक्षा अधिकारी रचना लाल, एमओआईसी पाबौ डॉ. पंकज, पूर्ति निरीक्षक हेमेन्द्र कुमार और सब-इंस्पेक्टर मुकेश गैरोला सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

