राष्ट्रीय पोषण माह में आंगनबाड़ी केंद्रों पर हुईं विभिन्न गतिविधियां
‘हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ थीम पर पोषण एवं आहार विविधता को लेकर किया जागरूक
पौड़ी। नवें राष्ट्रीय पोषण माह के तहत जनपद पौड़ी गढ़वाल के विभिन्न विकासखंडों में आंगनबाड़ी केंद्रों पर पोषण जागरूकता एवं सामुदायिक आधारित गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। ‘हमारी आंगनबाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ थीम के तहत आयोजित कार्यक्रमों में बच्चों, महिलाओं एवं परिवारों को संतुलित आहार, आहार विविधता और पर्याप्त प्रोटीन के महत्व की जानकारी दी जा रही है।
ü
इसी क्रम में आंगनबाड़ी केंद्र हिसरिया मोहल्ला एवं पितृ मोहल्ला में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। इस दौरान तीन बच्चों का शाला पूर्व शिक्षा में प्रवेशोत्सव मनाया गया, जबकि एक बच्चे का अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। कार्यक्रम में लाभार्थियों को स्थानीय खाद्यान्न, मोटे अनाज, दाल और सब्जियों से मिलने वाले पोषक तत्वों की जानकारी देते हुए इन्हें दैनिक आहार में शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी देवेंद्र थपलियाल ने बताया कि एक माह तक चलने वाले पोषण अभियान के तहत जिले के सभी विकासखंडों में आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान का उद्देश्य बच्चों, महिलाओं और परिवारों को पौष्टिक एवं संतुलित आहार के प्रति जागरूक करना है। साथ ही ‘सही पोषण, देश रोशन’ की अवधारणा को धरातल पर उतारने के लिए सामुदायिक सहभागिता बढ़ाई जा रही है।
