पौड़ी

पुण्डोरी में लम्पी स्किन डिजीज को लेकर पशुपालकों को किया जागरूक

शिविर में 40 पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण और उपचार, 22 पशुपालक लाभान्वित

पौड़ी। लम्पी स्किन डिजीज (एलएसडी) की रोकथाम और पशुपालकों को बीमारी के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विकासखंड पौड़ी के राजकीय पशु चिकित्सालय डडुवादेवी के अंतर्गत ग्राम पंचायत पुण्डोरी में जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर की अध्यक्षता अपर निदेशक, गढ़वाल मंडल पशुपालन विभाग डॉ. भूपेंद्र जंगपांगी ने की।

शिविर में डॉ. जंगपांगी ने पशुपालकों को लम्पी स्किन डिजीज के लक्षण, उपचार और बचाव के उपायों की जानकारी दी। विशेषज्ञों ने पशुओं में बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल पशु चिकित्सक से संपर्क करने तथा संक्रमण की रोकथाम के लिए आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की।

इस दौरान पशुपालकों को पशुपालन विभाग की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी गई। शिविर में 22 पशुपालक लाभान्वित हुए, जबकि 40 पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर उपचार किया गया।

इस अवसर पर ग्राम प्रधान हिम्मत सिंह रावत, पशु चिकित्साधिकारी डॉ. सीमांत नौटियाल, पशुधन प्रसार अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत सहित विभागीय कर्मचारी और ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *