‘सपनों के उत्तराखंड’ का विजन बताएंगे पौड़ी के 12 विद्यार्थी
18 सितंबर को मुख्यमंत्री के साथ संवाद करेंगे चयनित छात्र-छात्राएं
पौड़ी। उत्तराखंड के विकास को लेकर युवाओं की सोच, सुझाव और भविष्य के विजन को सरकार तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन कार्यक्रम में पौड़ी जिले के 12 विद्यार्थी राज्य स्तरीय संवाद में प्रतिभाग करेंगे। चयनित विद्यार्थी 18 सितंबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ संवाद कर ‘सपनों के उत्तराखंड’ को लेकर अपने विचार और सुझाव साझा करेंगे।

मुख्यमंत्री ने 10 अगस्त को कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए विद्यार्थियों से ‘मेरा सपनों का उत्तराखंड, एक विकसित राज्य हेतु मेरा दृष्टिकोण’ विषय पर निबंध के माध्यम से सुझाव आमंत्रित किए थे। प्रदेशभर से 2,87,744 विद्यार्थियों ने निबंध के जरिए उत्तराखंड के विकास को लेकर अपने विचार प्रस्तुत किए। इनमें से 140 विद्यार्थियों का चयन मुख्यमंत्री के साथ संवाद के लिए किया गया है।
जनपद पौड़ी से चयनित विद्यार्थियों में राजकीय इंटर कॉलेज द्वारीखाल की अनुष्का नेगी, जनता इंटर कॉलेज यमकेश्वर की आकांक्षा, राजकीय इंटर कॉलेज पुरियाडांग की सोनाक्षी, सेंट थॉमस स्कूल पौड़ी की श्रीतिका रावत, राजकीय इंटर कॉलेज कठुली की शीतल, सरस्वती विद्या मंदिर श्रीकोट गंगानाली श्रीनगर की अनुष्का, जनता इंटर कॉलेज कमलपुर की साक्षी पोखरियाल, राजकीय इंटर कॉलेज मैटाकुण्ड की दिव्या, आर्मी पब्लिक स्कूल लैंसडाउन के आदित्य भारद्वाज एवं सृष्टि मैन्दोला, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज लालपुर की याशिका तथा हैप्पी होम स्कूल कोटद्वार के श्रीम अग्रवाल शामिल हैं।
संवाद कार्यक्रम में विद्यार्थियों से शिक्षा, स्वास्थ्य, वन एवं पर्यावरण, स्वरोजगार, पलायन, लोक निर्माण, सूचना प्रौद्योगिकी, पर्यटन तथा महिला एवं बाल विकास जैसे विषयों पर सुझाव लिए जाएंगे। विद्यार्थियों के विचार मुख्यमंत्री के समक्ष भी प्रस्तुत किए जाएंगे।
मुख्य शिक्षा अधिकारी अत्रेश सयाना और जिला शिक्षा अधिकारी (प्राथमिक) अंशुल बिष्ट ने चयनित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके राज्य स्तरीय संवाद में प्रतिभाग करने पर प्रसन्नता व्यक्त की।
