पशुधन बीमा योजना का फिर शुरू हुआ संचालन, 85 फीसदी तक मिलेगी सब्सिडी
पौड़ी। राष्ट्रीय पशुधन मिशन के अंतर्गत पशुधन बीमा योजना का जनपद में पुनः संचालन शुरू हो गया है। योजना के तहत पशुपालकों को अपने पशुओं का बीमा कराने पर निर्धारित प्रीमियम में 85 प्रतिशत तक सरकारी सब्सिडी का लाभ मिलेगा। पशुधन की क्षति होने की स्थिति में यह योजना पशुपालकों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने में सहायक होगी।

योजना के संचालन और बीमा प्रक्रिया को लेकर मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. विशाल शर्मा की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें बीमा कंपनी के प्रतिनिधियों के साथ जनपद के वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी और पशु चिकित्सा अधिकारी शामिल हुए। बैठक में योजना के संचालन, पशुपालकों को मिलने वाले लाभ और बीमा प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा की गई।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि योजना के संचालन के लिए पशुपालन विभाग, एम/एस गो डिजिट जनरल इंश्योरेंस लिमिटेड और एम/एस हिमालय इंश्योरेंस ब्रोकर्स प्राइवेट लिमिटेड के बीच अनुबंध किया गया है।
उन्होंने बताया कि सब्सिडी का लाभ लेने के लिए पशुओं की श्रेणी के अनुसार अधिकतम बीमा राशि निर्धारित की गई है। गाय के लिए 30 हजार, भैंस के लिए 40 हजार, घोड़े/खच्चर के लिए 35 हजार तथा भेड़-बकरी के लिए तीन हजार रुपये तक की बीमा राशि पर सब्सिडी देय होगी। निर्धारित सीमा तक बीमा कराने पर प्रीमियम की 15 प्रतिशत राशि पशुपालक को वहन करनी होगी, जबकि 85 प्रतिशत राशि भारत सरकार सब्सिडी के रूप में देगी।
निर्धारित अधिकतम बीमा राशि से अधिक मूल्य पर बीमा कराने पर अतिरिक्त राशि पर सब्सिडी नहीं मिलेगी। ऐसे में अतिरिक्त प्रीमियम का भुगतान पशुपालक को स्वयं करना होगा। विभाग ने पशुपालकों से अपने पशुओं का बीमा कराने तथा पात्रता, प्रक्रिया और अन्य जानकारी के लिए नजदीकी पशु चिकित्सालय या पशु चिकित्सा अधिकारी से संपर्क करने की अपील की है।
