खेलों से ही स्वस्थ मस्तिष्क का निर्माण : आकांक्षा राठौर
नारसन में ब्लॉक स्तरीय एथलेटिक्स, कबड्डी व खो-खो प्रतियोगिता का शुभारंभ
नारसन। विद्यालयी शिक्षा विभाग की ओर से शैक्षिक सत्र 2026-27 के अंतर्गत ब्लॉक स्तरीय एथलेटिक्स, कबड्डी एवं खो-खो क्रीड़ा प्रतियोगिता का मंगलवार को ड्रीम ओलंपिक स्पोर्ट्स अकादमी, बिजौली रोड, इकरा स्कूल के निकट शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में अंडर-11 प्राथमिक तथा अंडर-14 उच्च प्राथमिक स्तर के बालक-बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

प्रतियोगिता का उद्घाटन खंड उप शिक्षा अधिकारी नारसन आकांक्षा राठौर तथा ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि कवीन्द्र चौधरी की उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि कवीन्द्र चौधरी ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक विकास के साथ-साथ स्वस्थ एवं सकारात्मक मस्तिष्क के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने छात्र-छात्राओं से पढ़ाई के साथ खेलकूद में भी सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।
खंड उप शिक्षा अधिकारी आकांक्षा राठौर ने विद्यार्थियों को “स्वस्थ रहना है तो खेलना जरूरी है” का संदेश देते हुए कहा कि नियमित खेलकूद से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास होता है। उन्होंने प्रतिभागियों को खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने तथा अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रेरित किया।
एथलेटिक्स में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
प्रतियोगिता के अंतर्गत आयोजित 50 मीटर दौड़ में राजकीय प्राथमिक विद्यालय बसवाखेड़ी के शिवम ने प्रथम तथा मयंक ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। 100 मीटर दौड़ में राजकीय प्राथमिक विद्यालय मन्नाखेड़ी के अंश प्रथम और राजकीय प्राथमिक विद्यालय उदलहेड़ी के आशीष द्वितीय स्थान पर रहे।
लंबी कूद प्रतियोगिता में इट्स ऑल पॉसिबल के विराज ने प्रथम तथा राजकीय प्राथमिक विद्यालय साड़ौली के राज ने द्वितीय स्थान हासिल किया। विजेता खिलाड़ियों को अतिथियों एवं शिक्षकों ने शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
प्रतियोगिता के आयोजन में ब्लॉक खेल समन्वयक प्रारंभिक शिक्षा दिनेश बड़वाल सहित शिक्षक संगठनों के पदाधिकारियों एवं विभिन्न विद्यालयों के शिक्षकों ने सहयोग किया।
इस अवसर पर उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ, जनपद हरिद्वार के जिला कोषाध्यक्ष अरविंद कुमार शर्मा, जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ ब्लॉक इकाई नारसन के अध्यक्ष प्रदीप कुमार, उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ के अमरीश वर्मा, ब्लॉक कोषाध्यक्ष मासूम अली, देशराज, अनुसूचित जाति-जनजाति शिक्षक संगठन की ब्लॉक कोषाध्यक्ष सरिता, सत्यपाल, इट्स ऑल पॉसिबल इंटरनेशनल स्कूल बिजौली की एचओडी अमरीन अब्बासी, जुनैद अब्बास, तेजवीर सैनी, अमित कुमार, अरविंद कुमार, सतीश कुमार शर्मा, ज्योति गर्ग, सतीश कुमार, विपिन, हरवीर सिंह, तसलीमा, अहसानुद्दीन, चंद्रसेन शर्मा सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
