पौड़ी

विधिक अधिकारों के साथ कर्तव्यों के प्रति विद्यार्थियों को किया जागरूक

पौड़ी। अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस के अवसर पर मंगलवार को श्री गुरु रामराय स्कूल पौड़ी में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पौड़ी गढ़वाल एवं जिला परिवीक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित शिविर में विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व के साथ उनके कानूनी अधिकारों और कर्तव्यों की जानकारी दी गई।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं सिविल जज नाज़िश कलीम ने अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को शिक्षा के अधिकार, विधिक साक्षरता, मौलिक अधिकार एवं कर्तव्यों तथा निःशुल्क विधिक सहायता के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं कानून और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होने के साथ परिवार एवं समाज के अन्य लोगों को भी जागरूक करने का आह्वान किया।

जिला परिवीक्षा अधिकारी अरविंद कुमार ने बाल अधिकार, बाल संरक्षण तथा किशोरों से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति सचेत करते हुए इससे दूर रहने की अपील की। साथ ही साइबर अपराध एवं ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के उपाय भी बताए।

उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की परेशानी, हिंसा या शोषण की स्थिति में बच्चे चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 के माध्यम से सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

शिविर में जिला रिटेनर अधिवक्ता गजेन्द्र सिंह रावत सहित अन्य अधिकारी, शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *