पौड़ी

एनएच-534 निर्माण कार्य में लापरवाही पर डीएम नाराज, तीन मामलों में जुर्माना

पौड़ी। सतपुली-गुमखाल राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या-534 पर निर्माण कार्य के चलते यातायात प्रभावित होने, सड़क किनारे मलबा जमा रहने और पुश्ते गिरने की शिकायतों को लेकर जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने नाराजगी जताई। मंगलवार को जिला कार्यालय स्थित एनआईसी कक्ष में एनएच-534 के निर्माण कार्य एवं यातायात व्यवस्था की समीक्षा के दौरान उन्होंने संबंधित कार्यदायी संस्था को कार्यप्रणाली में तत्काल सुधार लाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि निर्माण कार्य के साथ सड़क सुरक्षा और सुरक्षात्मक कार्यों को प्राथमिकता देना जरूरी है। सड़क पर अनावश्यक रूप से मलबा जमा न हो और निर्माण अथवा कटिंग के कारण यातायात प्रभावित होने वाले स्थानों से तत्काल मलबा हटाया जाए। उन्होंने पुश्तों के गिरने और कमजोर सुरक्षात्मक संरचनाओं पर भी गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए। राइट ऑफ वे से बाहर प्रभावित भवनों का भी स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक सुरक्षा उपाय करने को कहा।

राष्ट्रीय राजमार्ग खंड के अधिशासी अभियंता ने बताया कि सूलिया, सतपुलीसैंण, सतपुली मल्ली, कुल्हाड़ मोड़ और गहड़गांव के समीप निर्माण एवं कटिंग का कार्य चल रहा है। डीएम ने इन स्थानों पर शेष मलबा एक सप्ताह के भीतर हटाने तथा जरूरत के अनुसार वाहनों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही प्रतिदिन कार्यों की निगरानी कर प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा।

यातायात व्यवस्था की समीक्षा में संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा अवरोधक लगाने, सड़क के दोनों ओर मलबा एकत्र न करने और यातायात को सुरक्षित बनाए रखने के निर्देश दिए गए। उपजिलाधिकारी ने कुछ स्थानों पर दोपहिया वाहनों के आवागमन में विशेष सावधानी की आवश्यकता बताई।

जिला खनन अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर उपखनिज के अवैध भंडारण के तीन मामलों में कार्रवाई करते हुए संबंधितों पर जुर्माना लगाया गया है। जिलाधिकारी ने ऐसे मामलों में सख्ती बरतने तथा जिला खनन अधिकारी को भूगर्भ वैज्ञानिक के साथ संबंधित स्थलों का संयुक्त निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

बैठक में बताया गया कि एनएच के डामरीकरण कार्य में तेजी लाई जा रही है और 15 नवंबर तक डामरीकरण पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। डीएम ने निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने को कहा। एनएच के पांच स्थानों पर भूस्खलनरोधी कार्य भी कराए जाएंगे, जिनमें बैरगांव और कुल्हाड़ के मध्य कार्य शुरू हो चुका है।

16 सितंबर को फिर होगा स्थलीय निरीक्षण

जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में संबंधित अधिकारियों की समिति गठित कर 16 सितंबर को दोबारा स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए। समिति निर्माण कार्य की प्रगति, यातायात व्यवस्था, मलबे की स्थिति, पुश्तों व सुरक्षात्मक कार्यों तथा आमजन को हो रही परेशानियों का जायजा लेगी। डीएम ने स्पष्ट किया कि निरीक्षण में लापरवाही या निर्देशों की अनदेखी पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में अपर जिलाधिकारी एफआर चौहान, उपजिलाधिकारी रेखा आर्य, अधिशासी अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग खंड अरुण कुमार, जिला खनन अधिकारी अनिल मुयाल सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *