पौड़ी

जिला योजना के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश, 30 दिन से लंबित शिकायतों का होगा प्राथमिकता से निस्तारण

पौड़ी। विकास भवन सभागार में मंगलवार को मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी की अध्यक्षता में जिला योजना, राज्य सेक्टर एवं केंद्र पोषित योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की वित्तीय एवं भौतिक प्रगति की समीक्षा करते हुए सीडीओ ने विकास कार्यों में तेजी लाने और लंबित निविदा प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।

सीडीओ ने कहा कि सभी निर्माण एवं विकास कार्य गुणवत्ता और निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं, ताकि योजनाओं का लाभ समय पर आमजन तक पहुंच सके। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को लंबित टेंडर प्रक्रिया तत्काल पूरी कर स्वीकृत कार्यों को धरातल पर तेजी से शुरू करने के निर्देश दिए।

बैठक में बताया गया कि अगस्त 2026 तक जिला योजना में अवमुक्त धनराशि के सापेक्ष 35 प्रतिशत, राज्य सेक्टर योजनाओं में 46 प्रतिशत तथा केंद्र पोषित योजनाओं में 84 प्रतिशत धनराशि व्यय की जा चुकी है। सीडीओ ने उपलब्ध बजट के सापेक्ष व्यय में और तेजी लाने के निर्देश दिए।

30 दिन से लंबित शिकायतों पर विशेष जोर

सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने 30 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समयसीमा में निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों के निस्तारण में केवल औपचारिकता न हो, बल्कि शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक समाधान सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मेघना असवाल, जिला विकास अधिकारी रमेश चंद, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी राम सलोने, जिला पंचायत राज अधिकारी जितेंद्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *