त्योहारी सीजन में खाद्य सुरक्षा विभाग सतर्क, श्रीनगर में मिठाई की दुकानों का किया निरीक्षण
मिठाइयों पर निर्माण तिथि और उपयोग की अवधि अंकित करने के निर्देश, व्यापारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों की दी जानकारी
पौड़ी गढ़वाल। आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए निगरानी तेज कर दी है। इसी क्रम में मंगलवार को श्रीनगर में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान मिठाई विक्रेताओं को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने और मिठाइयों पर निर्माण तिथि एवं उपयोग की अवधि स्पष्ट रूप से अंकित करने के निर्देश दिए गए।

सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा पीसी जोशी ने बताया कि निरीक्षण के दौरान मिठाई विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों में मिठाइयों पर निर्माण तिथि और उपयोग की अवधि अंकित किए जाने की जांच की गई। अधिकांश मिठाई निर्माता निर्धारित प्रावधानों का पालन करते मिले, जबकि कुछ दुकानों पर नियमों का अनुपालन नहीं पाया गया। इस पर संबंधित दुकानदारों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
इस दौरान खाद्य कारोबारियों के साथ जागरूकता गोष्ठी भी आयोजित की गई। इसमें व्यापारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों, मिठाइयों के सुरक्षित भंडारण, उचित तापमान पर रखरखाव और बिक्री से संबंधित नियमों की जानकारी दी गई। गोष्ठी में पान मसाला एवं गुटखा से जुड़े प्रावधानों के बारे में भी बताया गया।
सहायक आयुक्त ने कहा कि त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करना विभाग की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी खाद्य कारोबारियों को निर्धारित नियमों का पालन करना चाहिए। उन्होंने व्यापारियों से उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने की अपील की।
इस अवसर पर व्यापार मंडल से छवि अग्रवाल, अमित पाल, बलबीर कंडारी, राकेश आहूजा, हर्ष अग्रवाल, रविन्द्र चौहान, पुनीत मित्तल सहित अन्य खाद्य व्यापारी उपस्थित रहे।

