मानक पूरे न होने से मोलाखाल-बागों-सिलोगी मोटरमार्ग का सर्वे रद्द, ग्रामीणों में मायूसी
द्वारीखाल/पौड़ी। मोलाखाल-बागों-सिलोगी मोटरमार्ग के निर्माण की उम्मीद लगाए ग्रामीणों को सोमवार को एक बार फिर निराशा हाथ लगी। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत मोटरमार्ग के सर्वे के लिए टीम मोलाखाल पहुंची थी, लेकिन निर्धारित मानक पूरे नहीं होने के कारण सर्वे की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी।

ग्रामीणों के अनुसार पीएमजीएसवाई के तहत सड़क निर्माण के लिए आवश्यक मानकों में क्षेत्र की जनसंख्या भी महत्वपूर्ण आधार है। वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार बागों गांव की आबादी महज 87 है। इसके अलावा सड़क निर्माण के लिए निर्धारित अन्य मानक भी पूरे नहीं हो रहे हैं। इन परिस्थितियों के चलते पीएमजीएसवाई के तहत प्रस्तावित मोटरमार्ग का निर्माण संभव नहीं बताया गया और सर्वे को रद्द कर दिया गया।
सर्वे टीम के पहुंचने की सूचना से ग्रामीणों में काफी उत्साह था। लंबे समय से मोटरमार्ग की मांग कर रहे लोगों को उम्मीद थी कि सर्वे के बाद सड़क निर्माण की दिशा में ठोस कदम आगे बढ़ेगा। हालांकि, मानक पूरे नहीं होने के कारण सर्वे रद्द होने से ग्रामीणों की उम्मीदों पर फिर पानी फिर गया और उन्हें मायूसी का सामना करना पड़ा।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र की वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए सड़क सुविधा बेहद जरूरी है। वर्ष 2011 की जनगणना के आंकड़ों के आधार पर सड़क निर्माण में आ रही अड़चन के समाधान के लिए शासन-प्रशासन को वैकल्पिक व्यवस्था तलाशनी चाहिए, ताकि क्षेत्र के गांवों को सड़क सुविधा से जोड़ा जा सके।
सर्वे के दौरान मोलाखाल में ग्राम पंचायत वरगड्डी के प्रधान विकास जुगरान सहित ग्राम बागों से ज्ञानदेव बलूनी, गिरीश बलूनी, शिवचरण कोठारी, उत्तिंडा से चक्रधर बलूनी, फरसराम बलूनी, सुरेंद्र सिंह रावत, शिवचरण सिंह रावत, कुलदीप सिंह रावत, धीरजलाल तथा पूर्व प्रधान सीमा देवी सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
