उत्तराखंडपौड़ी

छात्र-छात्राओं को बाल अधिकारों एवं सुरक्षा कानूनों की दी गई जानकारी

राजकीय इंटर कॉलेज निसनी में जनजागरूकता अभियान, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की दी जानकारी

पौड़ी। जिला परिवीक्षा अधिकारी अरविंद कुमार के निर्देश पर महिला कल्याण विभाग के अंतर्गत जिला बाल संरक्षण इकाई (डीसीपीयू), जिला बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी), विशिष्ट दत्तक ग्रहण अभिकरण (एसएए) एवं चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 की ओर से मंगलवार को राजकीय इंटर कॉलेज निसनी में एक दिवसीय जनजागरूकता अभियान आयोजित किया गया। अभियान का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को बाल अधिकारों, सुरक्षा संबंधी कानूनों और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना रहा।

कार्यक्रम में बाल कल्याण समिति के सदस्य कपिल रतूड़ी ने कहा कि बच्चों को अपने अधिकारों और सुरक्षा से संबंधित कानूनों की जानकारी होना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि किसी भी विपरीत परिस्थिति में बच्चे चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के माध्यम से सहायता प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से जागरूक रहने तथा किसी भी प्रकार के शोषण या उत्पीड़न की जानकारी संबंधित अधिकारियों को देने का आह्वान किया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य दीपक कुमार चंद्र ने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। बच्चों को शिक्षा के साथ अपने अधिकारों, कर्तव्यों और सुरक्षा उपायों की जानकारी होना भी आवश्यक है, ताकि वे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकें।

पॉक्सो एक्ट और दत्तक ग्रहण प्रक्रिया की दी जानकारी

कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञों ने बाल अधिकार, लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो एक्ट), चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 तथा बच्चों की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। विद्यार्थियों को दत्तक ग्रहण की वैधानिक प्रक्रिया और इससे संबंधित प्रावधानों के बारे में भी जागरूक किया गया।

इस अवसर पर जिला समन्वयक अभिषेक नेगी, परामर्शदाता कविता और केसवर्कर शकुंतला नयाल ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया। उन्होंने बच्चों को सुरक्षित रहने तथा अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण के साथ बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *