पौड़ी

पौड़ी में ईवीएम, कंट्रोल यूनिट और वीवीपैट की जांच जारी, अब तक 546 बैलेट यूनिट की एफएलसी पूरी

पौड़ी गढ़वाल। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन की तैयारियों के तहत जनपद पौड़ी गढ़वाल में ईवीएम, कंट्रोल यूनिट और वीवीपैट की प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) की प्रक्रिया जारी है। 26 अक्टूबर 2026 तक जनपद में 546 बैलेट यूनिट, 635 कंट्रोल यूनिट और 559 वीवीपैट की जांच की जा चुकी है। जांच में 528 बैलेट यूनिट, 190 कंट्रोल यूनिट और 527 वीवीपैट सही पाए गए हैं।

 

उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एफएलसी सुपरवाइजर पीआर चौहान ने बताया कि जनपद में कुल 1,626 बैलेट यूनिट, 1,998 कंट्रोल यूनिट और 2,117 वीवीपैट उपलब्ध हैं। भारत निर्वाचन आयोग और मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड के दिशा-निर्देशों के अनुसार यह जांच ईसीआईएल के इंजीनियरों द्वारा राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति में की जा रही है।

एफएलसी प्रक्रिया में 15 सुपरवाइजर एवं स्टाफ, 15 ईवीएम नोडल स्टाफ, ईसीआईएल के 10 इंजीनियर और 40 श्रमिक शामिल हैं। जांच के दौरान निर्वाचन उपकरणों की तकनीकी स्थिति का परीक्षण किया जा रहा है तथा सही पाए जाने वाली मशीनों को सुरक्षित रखा जा रहा है।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने बताया कि वेयरहाउस में एफएलसी का कार्य राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों की उपस्थिति में पारदर्शी तरीके से कराया जा रहा है। यह प्रक्रिया प्रतिदिन सुबह नौ बजे से शाम सात बजे तक संचालित की जा रही है। पूरी प्रक्रिया की लगातार वेबकास्टिंग भी की जा रही है, ताकि जांच कार्य में पारदर्शिता और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *