पौड़ी

ग्राम बमोली में 6 नवंबर से होगा भव्य रामलीला महोत्सव, 15 नवंबर को राम राज्याभिषेक के साथ समापन

पौड़ी गढ़वाल। द्वारीखाल विकासखंड के ग्राम बमोली पट्टी डबरालस्यूँ में श्री आदर्श रामलीला समिति के तत्वावधान में 6 नवंबर से ऐतिहासिक रामलीला महोत्सव का शुभारंभ होगा। पंचायत भवन के निकट आयोजित होने वाली रामलीला में प्रतिदिन रात्रि 8 बजे से भगवान श्रीराम की लीलाओं का मंचन किया जाएगा। रामलीला का समापन 15 नवंबर को मेघनाथ वध, रावण वध और भगवान श्रीराम के राजतिलक के साथ होगा।

रामलीला महोत्सव के पहले दिन शुक्रवार, 6 नवंबर को नारद मोह एवं रावण तप लीला का मंचन किया जाएगा। 7 नवंबर को राम जन्म, ताड़का वध एवं अहिल्या उद्धार, 8 नवंबर को सीता स्वयंवर, 9 नवंबर को राम वनवास और 10 नवंबर को भरत मिलाप की लीला का मंचन होगा।

इसी क्रम में 11 नवंबर को सीता हरण, 12 नवंबर को सीता की खोज, 13 नवंबर को अशोक वाटिका एवं लंका दहन तथा 14 नवंबर को अंगद-रावण संवाद और लक्ष्मण शक्ति की लीला प्रस्तुत की जाएगी। रविवार, 15 नवंबर को मेघनाथ वध, रावण वध और श्रीराम के राजतिलक के साथ रामलीला महोत्सव का समापन होगा। इसके बाद सोमवार, 16 नवंबर को प्रातःकाल हवन एवं प्रसाद वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि रामलीला के माध्यम से क्षेत्र में धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने के साथ ही भगवान श्रीराम के आदर्शों और मर्यादाओं का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

रामलीला समिति के अध्यक्ष भगत दर्शन, उपाध्यक्ष जवाहर सिंह, सचिव शैलेन्द्र रावत, कोषाध्यक्ष संतोष कुमार तथा निर्देशक कपिदेव सहित समस्त ग्रामवासियों ने क्षेत्र के धर्मप्रेमी लोगों से सपरिवार एवं इष्ट-मित्रों सहित रामलीला महोत्सव में पहुंचने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *