पौड़ी

पौड़ी की सभी स्वास्थ्य इकाइयों में चला वृहद स्वच्छता अभियान, अस्पतालों में सफाई व्यवस्था पर जोर

पौड़ी गढ़वाल। जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं को स्वच्छ, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से विशेष अभियान-6 के तहत जिले की सभी स्वास्थ्य इकाइयों में वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान अस्पतालों के ओपीडी, वार्ड, शौचालय, प्रतीक्षालय और परिसर की गहन साफ-सफाई की गई। साथ ही अस्पताल परिसरों में रखे अनुपयोगी सामान को भी हटाया गया।

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मेघना असवाल ने बताया कि राज्य स्तर से प्राप्त दिशा-निर्देशों के तहत विशेष अभियान दो अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक संचालित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत जनपद की सभी चिकित्सा इकाइयों में स्वच्छता संबंधी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। अभियान के दौरान मरीजों और उनके तीमारदारों के आवागमन वाले रास्तों को स्वच्छ रखने के साथ ही अस्पतालों में बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि अस्पतालों से निकलने वाले कचरे का उचित प्रबंधन और सुरक्षित निस्तारण अभियान की प्राथमिकता है। बायोमेडिकल कचरे का नियमानुसार पृथक्करण सुनिश्चित करने के साथ ही संक्रमण से बचाव के लिए सैनिटाइजेशन, हाथों की स्वच्छता और कचरा प्रबंधन व्यवस्था की भी सघन जांच की जाएगी।

मुख्य चिकित्साधिकारी ने कहा कि अभियान के तहत आयुष्मान आरोग्य मंदिरों और उप स्वास्थ्य केंद्रों में लगी पुरानी एवं अनुपयोगी प्रचार सामग्री को हटाकर नई और एकरूपता वाली सामग्री लगाई जाएगी। इसके साथ ही स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित जन-जागरूकता गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जाएगा, ताकि आमजन को स्वच्छता, साफ-सफाई और संक्रमण से बचाव के प्रति जागरूक किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *