स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने किया श्रृंगवेरपुर धाम का दर्शन, पुनरुत्थान पर दिया जोर
प्रयागराज। परमार्थ निकेतन के पीठाधीश्वर स्वामी चिदानन्द सरस्वती जी महाराज श्रृंगवेरपुर धाम पहुंचे। उन्होंने श्रृंगी ऋषि एवं माता शांता देवी शीतला माता मंदिर में पूजा-अर्चना की तथा मां गंगा के तट पर दिव्य गंगा आरती कर विश्व कल्याण की प्रार्थना की।

भगवान श्रीराम और निषादराज की मैत्री की साक्षी श्रृंगवेरपुर धाम के पुनर्निर्माण एवं सांस्कृतिक वैभव के पुनर्स्थापन पर जोर देते हुए स्वामी चिदानन्द सरस्वती ने इसे भारतीय आध्यात्मिक विरासत और सामाजिक समरसता के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
उन्होंने कहा कि श्रृंगवेरपुर धाम का पुनरुत्थान केवल तीर्थस्थल का विकास नहीं, बल्कि भगवान श्रीराम और निषादराज की मैत्री, प्रेम, सेवा, समानता और भक्ति के शाश्वत संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास है। परमार्थ निकेतन द्वारा इस पावन धाम की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया है।

