पौड़ी में पार्किंग सुविधाओं का होगा विस्तार, निर्माणाधीन कार्य एक माह में पूरा करने के निर्देश
सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति डॉ. आर. राजेश ने किया निरीक्षण, 300 वाहनों की क्षमता वाली बहुमंजिला पार्किंग की डीपीआर जल्द तैयार करने को कहा
पौड़ी। पौड़ी शहर में जाम की समस्या से निजात दिलाने और पार्किंग व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए शासन स्तर पर प्रयास तेज किए जा रहे हैं। इसी क्रम में सोमवार को सचिव आवास एवं राज्य संपत्ति विभाग डॉ. आर. राजेश ने शहर में निर्माणाधीन पार्किंग, प्रस्तावित बहुमंजिला पार्किंग और विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने, गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

सचिव ने अपर चोपड़ा में मुख्यमंत्री घोषणा के तहत निर्माणाधीन 30 वाहनों की क्षमता वाली पार्किंग का निरीक्षण किया। उन्होंने ग्रामीण निर्माण विभाग को इस पार्किंग का निर्माण एक माह के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने जीएमवीएन के समीप निर्मित 70 वाहनों की क्षमता वाली पार्किंग का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
300 वाहनों की क्षमता वाली बहुमंजिला पार्किंग की बनेगी डीपीआर
सचिव ने पावर हाउस क्षेत्र में प्रस्तावित 300 वाहनों की क्षमता वाली बहुमंजिला पार्किंग के लिए चिह्नित स्थल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को परियोजना की अनुमानित लागत का पुनर्मूल्यांकन कर विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने और इसे जल्द शासन को भेजने के निर्देश दिए।
हेरिटेज संग्रहालय और वीर भूमि स्थल के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
डॉ. राजेश ने निर्माणाधीन हेरिटेज संग्रहालय और वीर भूमि स्थल का निरीक्षण कर दोनों कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने को कहा। उन्होंने आवास विकास विभाग को सर्किट हाउस स्थित गेस्ट हाउस का पहाड़ी शैली में नवीनीकरण करने संबंधी प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए।
इसके अलावा हेरिटेज संग्रहालय में सजावट संबंधी कार्यों के लिए आवश्यक प्रस्ताव तैयार कर जल्द शासन को भेजने को कहा, ताकि आगे की कार्यवाही समय पर की जा सके।
पार्किंग विस्तार से यातायात दबाव कम करने पर जोर
सचिव ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में पौड़ी शहर को जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए पार्किंग सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। इसके तहत पॉकेट पार्किंग विकसित करने के साथ बहुमंजिला पार्किंग निर्माण की दिशा में भी कार्यवाही की जा रही है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से शहर में पार्किंग की उपलब्धता बढ़ेगी और यातायात का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक एवं विरासत भवनों के संरक्षण और पुनरुद्धार से पौड़ी शहर की विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान को भी सहेजा जा सकेगा।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, अपर जिलाधिकारी पी.आर. चौहान, अधिशासी अभियंता ग्रामीण निर्माण विभाग एल.पी. भट्ट, अवर अभियंता डीडीए रणवीर सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

