पौड़ी में 9.65 मिमी औसत बारिश, दो सड़कें बंद
पौड़ी। जनपद पौड़ी गढ़वाल में सोमवार सुबह आठ बजे तक मौसम बादलों से घिरा रहा। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र की मॉर्निंग रिपोर्ट के अनुसार जिले में 9.65 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गई। इस दौरान न्यूनतम तापमान 17 डिग्री और अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

सबसे अधिक बारिश थलीसैंण में 25 मिमी दर्ज हुई, जबकि लैंसडौन में 23 मिमी, यमकेश्वर में 15 मिमी, कोटद्वार में 14 मिमी, श्रीनगर में 7 मिमी, चाकीसैंण में 5 मिमी, धुमाकोट में 1.20 मिमी तथा पौड़ी और चाबट्टाखाल में 2.30 व 2 मिमी बारिश दर्ज की गई।
अलकनंदा का जलस्तर खतरे के निशान से नीचे
श्रीनगर में अलकनंदा नदी का जलस्तर 533.32 मीटर दर्ज किया गया, जबकि चेतावनी स्तर 535 मीटर और खतरे का स्तर 536 मीटर है। ऋषिकेश में त्रिवेणी घाट पर गंगा का जलस्तर 338.75 मीटर रहा। यहां चेतावनी स्तर 339.50 और खतरे का स्तर 340.50 मीटर निर्धारित है।
कोटद्वार में मालन नदी 490 मीटर, खो नदी 441 मीटर और सुखरो नदी 396 मीटर के स्तर पर रही। तीनों नदियों का जलस्तर अपने-अपने चेतावनी और खतरे के निशान से नीचे दर्ज किया गया।
कुछ क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति बाधित
रिपोर्ट के अनुसार पौड़ी और श्रीनगर में विद्युत आपूर्ति सुचारु रही। वहीं कोटद्वार के विकासखंड द्वारीखाल के कण्डवाल में 11 केवी विद्युत लाइन से जुड़े दो गांवों में बिजली बाधित है, जिसे सुचारु करने की कार्रवाई जारी है। नैनीडांडा क्षेत्र में भी जस्याप्रवाल और गाडियूल में 11 केवी लाइनों से विद्युत आपूर्ति बाधित होने की सूचना दी गई है।
पेयजल व्यवस्था सुचारु
पौड़ी एवं श्रीनगर क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था सुचारु बताई गई है। यमकेश्वर-पुंडरास-पंपिंग पेयजल योजना में आपूर्ति बाधित होने पर कोटद्वार जल संस्थान द्वारा टैंकर के माध्यम से वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है।
दो सड़कें बंद, तीन सितंबर तक खुलने की उम्मीद
भारी बारिश के बीच जिले में कुल दो सड़कें बंद दर्ज की गई हैं। इनमें एक पीडब्ल्यूडी और एक पीएमजीएसवाई की सड़क शामिल है।
श्री गीताराम पोखरियाल स्टेट हाईवे (मार्चुला-सैराघाट-बैजरो-पोखरा-सतपुली पौड़ी स्टेट हाईवे), एसएच-32 के किमी 125 व 133 पर सड़क 31 अगस्त सुबह 7:37 बजे बंद हुई। इसे सुबह 9:37 बजे तक खोलने का अनुमान है।
वहीं मैठानाघाट–ग्वीन–बावासा–रस्यामहादेव मोटर मार्ग 22 अगस्त से बंद है। पीएमजीएसवाई बैजरो डिवीजन की इस सड़क को 3 सितंबर शाम 5:20 बजे तक खोले जाने का अनुमान रिपोर्ट में दिया गया है।
जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र ने संबंधित विभागों को बंद मार्गों को शीघ्र सुचारु करने तथा प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।
