पौड़ी

भारी बारिश के अलर्ट के चलते 31 अगस्त को पौड़ी में सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद

पौड़ी। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून की ओर से 31 अगस्त को जनपद पौड़ी गढ़वाल में भारी वर्षा एवं आकाशीय बिजली की संभावना को देखते हुए जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने जनपद में कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी विद्यालयों और समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है।

जिलाधिकारी के आदेश के अनुसार सोमवार, 31 अगस्त 2026 को जनपद के सभी सरकारी, अर्द्धशासकीय एवं निजी विद्यालय तथा सभी आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे। यह निर्णय छात्र-छात्राओं एवं बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए एहतियातन लिया गया है।

प्रशासन के अनुसार भारी बारिश के साथ आकाशीय बिजली तथा नदी-नालों और गदेरों में तेज जलप्रवाह की आशंका को देखते हुए यह कदम उठाया गया है। जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी सहित संबंधित अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। उन्होंने लोगों से नदी-नालों एवं गदेरों के समीप न जाने तथा मौसम विभाग और जिला प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा है।

31 अगस्त को स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे, लेकिन संबंधित विभागों को मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *