मोटरमार्ग पर दलदल बना मुसीबत, राहगीर खुद कर रहे सड़क सुधारने का प्रयास
बंदीला गांव के समीप सड़क पर वाहन फंसने से बढ़ी परेशानी, जेसीबी नहीं पहुंचने का ग्रामीणों ने लगाया आरोप
द्वारीखाल/पौड़ी। बाड़ियूं–उत्तिण्डा मोटरमार्ग पर बंदीला गांव के समीप सड़क पर बना दलदल राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। बारिश के बाद सड़क की स्थिति खराब होने से यहां से गुजरने वाले वाहन दलदल में फंस रहे हैं। ऐसे में स्थानीय लोग खुद पत्थर डालकर रास्ता बनाने और फंसे वाहनों को निकालने का प्रयास कर रहे हैं।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क की स्थिति खराब होने के बावजूद लोक निर्माण विभाग की ओर से समस्या के समाधान के लिए पर्याप्त कार्रवाई नहीं की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में सड़क सुधार कार्य के लिए आने वाली जेसीबी मशीन कैन्डुल ठांगर होते हुए सीधे खैणीकाटल की ओर निकल जाती है और उत्तिण्डा की तरफ नहीं आती। इसके चलते बंदीला सहित आसपास के ग्रामीणों को आए दिन आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने लोक निर्माण विभाग से बंदीला गांव के समीप मोटरमार्ग का निरीक्षण कर दलदल वाले स्थान पर तत्काल आवश्यक कार्य कराने की मांग की है। उनका कहना है कि सड़क की स्थिति जल्द ठीक नहीं की गई तो बारिश के दौरान आवागमन की समस्या और गंभीर हो सकती है।
वीडियो में राहगीर सड़क पर बने दलदल में पत्थर डालकर रास्ता दुरुस्त करते और वाहनों को निकालने का प्रयास करते हुए दिखाई दे रहे हैं।
