तुंगडुंडा-भैंसवाड़ा मोटर मार्ग का लोकार्पण, पांच किमी सड़क का हुआ डामरीकरण
पौड़ी। विकासखंड पाबौ के तुंगडुंडा-भैंसवाड़ा मोटर मार्ग के डामरीकरण कार्य का सोमवार को स्थानीय विधायक राजकुमार पोरी ने लोकार्पण किया। करीब पांच किलोमीटर लंबे मोटर मार्ग के डामरीकरण पर 324.26 लाख रुपये की लागत आई है। सड़क के डामरीकरण से भैंसवाड़ा, तुंगडुंडा, सिर्किल, कलुण समेत आसपास के कई गांवों के ग्रामीणों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी।

लोकार्पण के दौरान विधायक राजकुमार पोरी ने क्षेत्रवासियों को सड़क निर्माण कार्य की बधाई देते हुए कहा कि सड़कें ग्रामीण विकास की महत्वपूर्ण आधारभूत कड़ी हैं। मोटर मार्ग के डामरीकरण से जहां ग्रामीणों का आवागमन सुगम होगा, वहीं क्षेत्र की कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी।
उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता प्रत्येक गांव को बेहतर सड़क सुविधा से जोड़ना है। जिन क्षेत्रों में सड़क पहुंच चुकी है, वहां डामरीकरण और आवश्यक सुधारीकरण कार्य भी प्राथमिकता के आधार पर कराए जा रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य समेत विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्य किए जा रहे हैं।
विधायक ने कहा कि बेहतर सड़क सुविधा से ग्रामीणों को आवागमन में सहूलियत मिलने के साथ कृषि उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने तथा स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच बनाने में भी मदद मिलेगी।
इस अवसर पर किसान आयोग सदस्य ओमप्रकाश जुगराण, सहायक अभियंता लोनिवि अंकिता सक्सेना, कनिष्ठ अभियंता राखी कल्याण, विधायक प्रतिनिधि सुशील रावत, कमला पंत, मनोज जखमोला, राकेश रुडोला समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
