पौड़ी

जनता की समस्या का समाधान प्रशासन की प्राथमिकता, 50 शिकायतों की सुनवाई

पौड़ी। कलेक्ट्रेट सभागार में सोमवार को आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने 50 शिकायतों की सुनवाई की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि जनसमस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है और इससे जनता का प्रशासन के प्रति विश्वास मजबूत होता है।

जनता मिलन में पेयजल, सड़क, पेंशन, श्मशान घाट के लिए भूमि, स्वास्थ्य, आवारा पशु, पुल की मरम्मत और गैस सिलेंडर से संबंधित शिकायतें सामने आईं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में अनावश्यक विलंब न हो और कार्रवाई की जानकारी शिकायतकर्ता को भी दी जाए। उन्होंने आपदा से प्रभावित परिसंपत्तियों के सुधारीकरण कार्यों को भी प्राथमिकता से पूरा करने को कहा।

राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों को जनपद क्षेत्र में एनएच पर बने सभी कलवर्टों की सफाई की तिथिवार जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। वहीं लोनिवि एवं पीएमजीएसवाई के कनिष्ठ अभियंताओं को क्षेत्र में उपस्थित रहकर निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया।

ग्राम प्रधान धनाऊ कमल रावत ने कंडोलिया क्षेत्र में आवारा पशुओं से यातायात बाधित होने की शिकायत की। जिलाधिकारी ने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को तत्काल कार्रवाई कर आवारा पशुओं को निर्धारित स्थलों पर भेजने के निर्देश दिए। ग्राम ढुंगी निवासी यमुना देवी की मार्च 2026 से लंबित विधवा पेंशन की शिकायत पर जिला समाज कल्याण अधिकारी को तत्काल समाधान के निर्देश दिए गए।

बकरोडा निवासी हेमंत चौहान ने सफदरखाल क्षेत्र के लिए देवप्रयाग में श्मशान घाट हेतु भूमि उपलब्ध कराने की मांग रखी। इस पर एसडीएम पौड़ी को शीघ्र भूमि चिन्हित करने तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सफदरखाल में एंबुलेंस उपलब्ध कराने के लिए सीएमओ को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

ग्राम पंचायत पाटली के प्रधान की मंगोलीगांव झूलापुल की मरम्मत की मांग पर लोनिवि प्रांतीय खंड को तत्काल कार्रवाई करने तथा संबंधित जेई को मौके पर भेजकर स्थलीय निरीक्षण कराने के निर्देश दिए गए।

पूर्व जनता मिलन में ग्राम खोन, विकासखंड कोट की सतेश्वरी देवी ने गांव की मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला पूनम गुसाईं के उपचार की समस्या उठाई थी। जिलाधिकारी के निर्देश पर संयुक्त मजिस्ट्रेट पौड़ी, स्वास्थ्य एवं पुलिस विभाग ने समन्वय कर महिला को राजकीय मानसिक सेवा संस्थान, सेलाकुई, देहरादून पहुंचाया, जहां उसका उपचार शुरू कराया गया।

महिला मंगल दल थली की दूषित पेयजल की शिकायत पर जल संस्थान ने तत्काल कार्रवाई करते हुए जलस्रोत के क्लोरीनेशन के लिए ग्राम पंचायत को हाइपोक्लोराइड उपलब्ध कराया। पानी के नमूने जांच के लिए जल परीक्षण प्रयोगशाला श्रीनगर भेजे गए हैं। वर्तमान में थली गांव में पृथक पाइपलाइन से पेयजल आपूर्ति सुचारू की जा रही है। वहीं कृषि भवन, श्रीनगर रोड पौड़ी निवासी बसंती देवी की गैस सिलेंडर उपलब्ध न होने की शिकायत का भी तत्काल समाधान करते हुए उन्हें सिलेंडर उपलब्ध कराया गया।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों के साथ पूर्व में दर्ज प्रकरणों की भी नियमित समीक्षा की जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन की कार्यप्रणाली का वास्तविक मूल्यांकन इस बात से होता है कि जरूरतमंद व्यक्ति तक राहत कितनी जल्दी और प्रभावी ढंग से पहुंचती है। संवेदनशील, जवाबदेह और जनकेंद्रित कार्यप्रणाली के साथ शिकायतों का समाधान सुनिश्चित किया जाए।

इस अवसर पर संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात, एडीएम एफआर चौहान, सीएमओ मेघना असवाल समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *