बिथ्याणी महाविद्यालय में विद्यार्थियों को दिया उद्यमिता प्रशिक्षण
पौड़ी। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में जिला उद्योग केंद्र, कोटद्वार की ओर से सोमवार को महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय, बिथ्याणी में एक दिवसीय उद्यमिता प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में विद्यार्थियों को स्वरोजगार, उद्यमिता और विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यशाला में जिला उद्योग केंद्र के सहायक प्रबंधक विनय कुमार, अंकित सिंह और आकांक्षा गुसाईं ने विद्यार्थियों को उद्यम स्थापित करने की प्रक्रिया, आवश्यक कौशल, स्वरोजगार की संभावनाओं तथा सरकार की विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी दी। विद्यार्थियों को उद्योग शुरू करने के लिए आवश्यक पंजीकरण प्रक्रिया, वित्तीय सहायता, ऋण सुविधाओं और सरकारी अनुदान की जानकारी भी दी गई।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. योगेश कुमार शर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं के लिए रोजगार प्राप्त करने के साथ ही रोजगार सृजन की दिशा में आगे बढ़ना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि इस तरह की कार्यशालाएं विद्यार्थियों में उद्यमशीलता की भावना विकसित करने के साथ उन्हें स्वरोजगार और उद्यम स्थापना के लिए व्यावहारिक मार्गदर्शन प्रदान करती हैं।
कार्यशाला में डॉ. नीरज नौटियाल, डॉ. हिमानी बड़ोनी, आशुतोष जगूड़ी, शैलेंद्र बिष्ट, राजेंद्र नेगी, महेंद्र सिंह बिष्ट, पूनम देवी, डॉ. गिरिराज सिंह, विनय पांडेय, सुनील और डॉ. विकास रंजन सहित महाविद्यालय के शिक्षक-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
