पौड़ी

चीनी की जमाखोरी रोकने को 11 टीमों ने बाजारों में की छापेमारी

पौड़ी। जनपद में चीनी के अवैध भंडारण, जमाखोरी और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए खाद्य एवं पूर्ति विभाग ने व्यापक निरीक्षण अभियान शुरू किया है। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देशन में विभाग की 11 टीमों ने विभिन्न नगरों और ग्रामीण बाजारों में खाद्य दुकानों का औचक निरीक्षण कर चीनी के स्टॉक एवं उपलब्धता की जांच की।

जिला पूर्ति अधिकारी अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि विभागीय टीमों ने कोटद्वार, पौड़ी, श्रीनगर, पाबौ, लैंसडाउन, सतपुली, लक्ष्मणझूला, चौबट्टाखाल, रिखणीखाल, दुगड्डा और उफरैंखाल बाजारों में दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान व्यापारियों को निर्धारित नियमों का पालन करने और चीनी का अनावश्यक भंडारण नहीं करने के निर्देश दिए गए।

अधिकारियों ने दुकानदारों को चेतावनी दी कि चीनी की कालाबाजारी, अवैध बिक्री अथवा निर्धारित सीमा से अधिक भंडारण करते पाए जाने पर संबंधित व्यापारी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

जिला पूर्ति अधिकारी ने कहा कि उपभोक्ताओं को आवश्यक खाद्य सामग्री की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए बाजारों में लगातार निगरानी की जा रही है। उन्होंने बताया कि आगे भी नियमित और औचक चेकिंग अभियान जारी रहेगा तथा अनियमितता पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *